13/08/2026
*महावीरी झंडा शांति, सौहार्द एवं आपसी भाईचारे के साथ मनाएं, प्रशासन का करें सहयोग: जिला पदाधिकारी*
बेतिया। महावीरी झंडा पर्व के अवसर पर जिले में विधि-व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने, साम्प्रदायिक सौहार्द कायम रखने तथा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को समाहरणालय सभागार में जिला पदाधिकारी श्री तरनजोत सिंह की अध्यक्षता में जिलास्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलास्तरीय शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे, जबकि अनुमंडल एवं प्रखंडस्तरीय शांति समिति के सदस्य वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़कर अपने सुझाव एवं विचार साझा किए।
बैठक के दौरान शांति समिति के सदस्यों ने जिला प्रशासन को भरोसा दिलाया कि पूर्व वर्षों की भांति इस वर्ष भी महावीरी झंडा का आयोजन पूरी शांति, सौहार्द एवं भाईचारे के साथ कराया जाएगा तथा प्रशासन को हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। इस अवसर पर संजय सिंह, आनंद सिंह, दिनेश ठाकुर, रजिया तबस्सुम, अमर यादव, सुशील गुप्ता, नंदलाल प्रसाद, इन्द्रजीत यादव, झुलन कुमार, बब्लू सर्राफ, वर्मा प्रसाद, संतोष राज, रीना देवी, राकेश सिंह सहित अन्य सदस्यों ने अपने सुझाव एवं विचार साझा किए।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी श्री तरनजोत सिंह ने कहा कि महावीरी झंडा केवल आस्था का पर्व नहीं, बल्कि सामाजिक सद्भाव और आपसी विश्वास का भी प्रतीक है। उन्होंने कहा कि जिले में सभी पर्व-त्योहार शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न होते रहे हैं, जिसमें शांति समिति के सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने सभी से अपील की कि इस वर्ष भी प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करते हुए पर्व को गरिमापूर्ण एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराएं।
जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि डीजे का उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। सभी जुलूस विधिवत लाइसेंस प्राप्त कर ही निकाले जाएं तथा केवल निर्धारित मार्ग का ही पालन किया जाए। उन्होंने सोशल मीडिया पर विशेष सतर्कता बरतने, किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना की तत्काल प्रशासन को जानकारी देने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय सहयोग करने की अपील की।
वरीय पुलिस अधीक्षक, बेतिया श्री कुमार गौतम ने कहा कि पुलिस प्रशासन पर्व के शांतिपूर्ण आयोजन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने शांति समिति के सदस्यों से अपील की कि किसी भी छोटी-बड़ी घटना अथवा संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कहा कि प्रशासन और आमजन के सहयोग से ही सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।
पुलिस अधीक्षक, बगहा श्री राजेश कुमार ने कहा कि सभी जुलूस निर्धारित मार्ग एवं निर्धारित शर्तों के अनुरूप ही निकाले जाएं। बिना लाइसेंस किसी भी जुलूस की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने झंडों की ऊंचाई एवं लंबाई निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करने की अपील की।
बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक, बेतिया श्री कुमार गौतम, पुलिस अधीक्षक, बगहा श्री राजेश कुमार, उप विकास आयुक्त श्री काजले वैभव नितिन, नगर आयुक्त, नगर निगम, बेतिया सुश्री शिवाक्षी दीक्षित, अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी श्री अनिल कुमार सिन्हा’’, विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला गोपनीय शाखा श्री सुजीत कुमार सहित सभी जिलास्तरीय पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं थानाध्यक्ष उपस्थित थे।