14/04/2026
यूपी हज समिति का सख्त आदेश, डेडलाइन चूकी तो यात्रा रुक सकती है
अगर आप हज यात्रा की तैयारी कर रहे हैं या आपके परिवार में कोई हज यात्री है तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है. उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति ने साफ चेतावनी जारी कर दी है कि 15 अप्रैल तक फ्लाइट कंफर्मेशन करना अनिवार्य है वरना आपकी पूरी यात्रा पर संकट आ सकता है. बिना ऑनलाइन पुष्टि के न तो आपको हज किट मिलेगी और न ही बोर्डिंग पास जारी होगा. आपको हज समिति की वेबसाइट या हज सुविधा ऐप पर जाकर अपनी फ्लाइट तुरंत कंफर्म करनी होगी और यह प्रक्रिया सिर्फ तय समय सीमा तक ही उपलब्ध है. एक बार फ्लाइट कंफर्म हो जाने के बाद उसमें कोई बदलाव संभव नहीं होगा इसलिए सावधानी बेहद जरूरी है. साथ ही पूरी राशि जमा होना भी अनिवार्य कर दिया गया है क्योंकि बिना भुगतान किसी भी यात्री को आगे की प्रक्रिया में शामिल नहीं किया जाएगा. कंफर्मेशन के बाद मिलने वाली रसीद ही आपकी हज किट और दस्तावेजों की कुंजी बनेगी.