10/09/2026
*बारिश रुकते ही शहर की सड़कें होंगी गड्ढामुक्त, 12 सितंबर से लखनऊ रूट की बसें डायवर्ट*
*एमजी रोड को जीरो टॉलरेंस रोड बनाने के निर्देश, अवैध पार्किंग-अतिक्रमण पर कार्रवाई*
प्रयागराज....मंडलायुक्त डॉ. लोकेश एम. ने वर्षा से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत और यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। बारिश रुकते ही नगर निगम, पीडीए और पीडब्ल्यूडी की चिन्हित सड़कों पर गड्ढामुक्ति का काम शुरू कराया जाएगा। बृहस्पतिवार को आयुक्त कार्यालय में हुई बैठक में पीडीए उपाध्यक्ष ऋषिराज, नगर निगम, पीडब्ल्यूडी और ट्रैफिक पुलिस के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में बताया गया कि नगर निगम ने 96 किमी, पीडीए ने 38 और पीडब्ल्यूडी ने 111 सड़कों को चिन्हित किया है। नगर निगम की मरम्मत के लिए 6 करोड़ का टेंडर हो चुका है। डीएलपी में शामिल सड़कों पर संबंधित एजेंसी से तुरंत काम कराने के निर्देश दिए गए। एनएच और शहर को जोड़ने वाली मुख्य सड़कों की मरम्मत के लिए भी समन्वय कर योजना बनाने को कहा गया। फाफामऊ ब्रिज पर जाम की समस्या को देखते हुए 12 सितंबर से एक माह तक लखनऊ रूट की रोडवेज और निजी बसों को सहसो, झूंसी और अंदावा मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा। आरएम रोडवेज और आरटीओ को संचालकों को सूचना देने के निर्देश दिए गए। ट्रैफिक पुलिस ने बांगर धर्मशाला, सीएमपी कॉलेज, फाफामऊ ब्रिज, तेलियरगंज और मेडिकल से रामबाग फ्लाईओवर चढ़ान को जाम वाले पॉइंट चिन्हित किए हैं। यहां तत्काल कार्रवाई होगी। एमजी रोड को जीरो टॉलरेंस रोड के रूप में विकसित किया जाएगा। मुख्य मार्ग और सर्विस लेन को अवैध पार्किंग से मुक्त रखा जाएगा। अवैध दुकानें और अतिक्रमण हटाए जाएंगे। मार्ग का ब्यूटीफिकेशन और एकरूप स्वरूप तय होगा। हर 100 मीटर पर डस्टबिन और सफाईकर्मी तैनात होंगे। गीला-सूखा कचरा अलग-अलग एकत्र होगा। स्ट्रीट वेंडर्स के लिए ग्लव्स और साफ पानी की व्यवस्था होगी। डिवाइडर की घास हटेगी। फुटपाथ के पुनर्विकास, यूटिलिटी लाइन अंडरग्राउंड और अवैध बैनर हटाने का प्लान भी मांगा गया है। शहर में प्लास्टिक पर प्रतिबंध और एमजी रोड पर सार्वजनिक शौचालय बनाने के निर्देश दिए गए। निरंजन चौराहे से घंटाघर तक अवैध पार्किंग और अतिक्रमण हटाने के लिए नगर निगम, ट्रैफिक और व्यापार मंडल की संयुक्त समिति बनेगी। नगर निगम शहर में व्यवस्थित पार्किंग के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू करेगा। वाहनों में शराब का सेवन करने वालों के खिलाफ पुलिस को कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।