02/06/2026
समाचार रिपोर्ट
बिसौना गांव में सफाई व्यवस्था बदहाल, ग्रामीणों में आक्रोश
प्रयागराज। विकास खंड क्षेत्र के बिसौना गांव में सफाई व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव की साफ-सफाई का कार्य स्थानीय सफाई कर्मियों द्वारा नियमित रूप से नहीं किया जा रहा है, जिसके कारण गांव में गंदगी और जलभराव की समस्या बनी हुई है।
ग्रामीणों के अनुसार मोहल्ले के लोग आपस में सहयोग करके खेड़वा गांव के सफाई कर्मी को बुलाकर सफाई कार्य करवा रहे हैं। वहीं बिसौना गांव में नियुक्त सफाई कर्मी संतोष एवं सागर केवल चौराहे और बाजार क्षेत्र की सफाई तक ही सीमित रहते हैं। जब ग्रामीण उनसे गांव के अंदर सफाई एवं नालियों की सफाई करने की बात कहते हैं, तो कथित रूप से उनका कहना होता है कि यह उनका कार्य नहीं है।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव की नालियां लंबे समय से साफ नहीं की गई हैं। बरसात के दौरान नालियों का पानी लोगों के घरों में घुस जाता है, जिससे काफी परेशानी और असुविधा का सामना करना पड़ता है। जलभराव के कारण संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका भी बनी रहती है।
ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि गांव की सफाई व्यवस्था की जांच कराकर नियमित सफाई एवं नालियों की सफाई सुनिश्चित कराई जाए, ताकि लोगों को गंदगी और जलभराव की समस्या से राहत मिल सके।
रिपोर्ट : दैनिक झुग्गी झोपड़ी अखबार