15/08/2026
ग्राम सभा बरई में धूमधाम से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस
प्रतापगढ़। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को ग्राम सभा बरई में देशभक्ति और उल्लास का माहौल देखने को मिला। ग्राम प्रधान खुर्शीद अहमद ने ग्रामवासियों के साथ विभिन्न स्थानों पर ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी और सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम की शुरुआत प्राथमिक विद्यालय बरई में ध्वजारोहण के साथ हुई। इसके बाद ग्राम पंचायत भवन और गेस्ट हाउस परिसर में भी तिरंगा फहराया गया। इस दौरान राष्ट्रगान का गायन किया गया तथा देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
ध्वजारोहण कार्यक्रम के बाद ग्रामीणों और बच्चों के बीच मिठाइयां वितरित की गईं। विद्यालय के बच्चों ने देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान खुर्शीद अहमद ने कहा कि देश की आजादी वीर शहीदों के त्याग, संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। हम सभी का दायित्व है कि आपसी एकता, भाईचारे और सौहार्द की भावना को मजबूत करते हुए गांव, समाज और देश के विकास में अपना योगदान दें।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक, ग्राम पंचायत से जुड़े कर्मचारी एवं प्रतिनिधि, संभ्रांत नागरिक तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा। #स्वतंत्रतादिवस
#15अगस्त
#स्वतंत्रतादिवस2026
#देशभक्ति
#तिरंगा
#जयहिंद