30/08/2026
उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। एसडीएम लालगंज वाचस्पति सिंह की आठ वर्षीय बेटी को लालगंज सीएचसी पर डॉक्टर ने एक्सपायरी पैरासिटामोल इंजेक्शन लगा दिया। मामले का संज्ञान लेते हुए सीएमओ ने दो फार्मासिस्टों को निलंबित करने के साथ दवा स्टोर को सील कर दिया है। हालांकि, इंजेक्शन का मासूम बच्ची की ऊपर कोई बुरा असर नहीं हुआ।
मिली जानकारी के अनुसार, लालगंज की एसडीएम वाचस्पति सिंह की आठ वर्षीय बेटी श्रेयसी सिंह को शुक्रवार को तेज बुखार आ गया। तेज बुखार होने के चलते श्रेयसी को लालगंज सीएचसी लाया गया। सीएचसी पर तैनात फार्मासिस्ट ने बच्ची को पैरासिटामोल का इंजेक्शन लगा दिया। वहीं, जब इंजेक्शन पर पड़ी एक्सपायरी तारीख देखी गई तो उस पर जून 2026 की तारीख थी। एसडीएम वाचस्पति सिंह ने इसकी शिकायत सीएमओ और डीएम से की। एसडीएम ने कहा कि जब एक अधिकारी की बेटी के साथ ऐसी लापरवाही बरती जा रही है तो आम आदमी के साथ क्या होता होगा।