26/05/2026
महानगरों में बढ़ती महंगाई और मकानों की कीमतों पर बोले डॉ. सौभाग्य वर्धन, केंद्र सरकार से की हस्तक्षेप की मांग
लखनऊ।
शिव सेना उत्तर प्रदेश के राज्य सचिव डॉ. सौभाग्य वर्धन ने देश के महानगरों में लगातार बढ़ती महंगाई और आवासीय संपत्तियों की कीमतों को लेकर गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर को पत्र भेजकर इस विषय पर तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
डॉ. सौभाग्य वर्धन ने कहा कि मुंबई, दिल्ली, बेंगलुरु, गुरुग्राम और हैदराबाद जैसे शहरों में मकानों की कीमतें मध्यम वर्ग की आय की तुलना में बेहद तेजी से बढ़ रही हैं। इससे नौकरीपेशा और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए अपना घर खरीदना मुश्किल होता जा रहा है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने समय रहते रियल एस्टेट क्षेत्र में संतुलन बनाए रखने के लिए ठोस नीतियां लागू नहीं कीं, तो भारत को भी चीन जैसी रियल एस्टेट मंदी और आर्थिक संकट का सामना करना पड़ सकता है।
उन्होंने मांग की कि मध्यम वर्ग के लिए किफायती आवास योजनाओं को बढ़ावा दिया जाए, कृत्रिम मूल्य वृद्धि और सट्टेबाजी पर नियंत्रण लगाया जाए तथा पहली बार घर खरीदने वालों को विशेष राहत दी जाए।
#महंगाई