10/08/2026
मंच पर किसानों की आय बढ़ाने, खेती को आधुनिक बनाने और सुविधाएं देने के दावे होते रहे, लेकिन कार्यक्रम स्थल पर किसानों के सामने खाने की ऐसी तस्वीर आई, जिसने पूरी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। रविवार को कृषि उपज मंडी में हुए बलराम कृषि महोत्सव में किसानों को पैकेटों में बासी और खराब खाना दिया गया। किसानों का कहना है कि पैकेट खोले तो सब्जी में फफूंद दिखाई दी। खाने की हालत देखकर किसानों का गुस्सा फूट पड़ा और कई किसानों ने भोजन के पैकेट वापस कर दिए, जबकि कुछ ने उन्हें वहीं फेंक दिया। सबसे बड़ा सवाल यह है कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में इतनी बड़ी अनदेखी हो रही है तो फिर अन्य कामों में क्या हो रहा होगा? दो हजार किसानों के पहुंचने वाले कार्यक्रम में भोजन की गुणवत्ता की जांच की व्यवस्था आखिर क्यों नहीं की।
रात में ही तैयार हो गया था खाना, दोपहर में बंटाः करीब दो हजार लोगों के लिए प्रशासन ने खाना बनवाया था। बताया जा रहा है कि जिस समूह को ऑर्डर दिया गया, उसे सुबह 7 बजे खाना तैयार करने को कहा गया था। ऐसे में खाना रात में ही तैयार किया गया। फिर पैकेट में पैक कर दिया गया। जो सुबह तक खराब हो चुका था। जैसे किसान पहुंचने लगे अलग-अलग मार्गो पर खाने के पैकेट बंटे। पैकेट खोलते ही सब्जी से बदबू आ रही थी। लेकिन किसी ने घंटों बाद दोपहर में बांटे खाने की गुणवत्ता की जांच नहीं की।
#ब्यावरा #राजगढ़ #खुजनेर #खिलचीपुर #पचोर #सुठालिया #सारंगपुर #जीरापुर #नरसिंहगढ़