29/08/2026
सावन खत्म होते ही नॉनवेज बाजार में उमड़ी भीड़, मटन-चिकन की कीमतों में उछाल।
बिहारशरीफ:-सावन समाप्त होते ही शनिवार को नालंदा जिले के नॉनवेज बाजारों में जबरदस्त रौनक देखने को मिली। करीब डेढ़ महीने तक मांसाहार और तामसिक भोजन से परहेज करने वाले लोग सुबह से ही मटन, चिकन और मछली खरीदने दुकानों पर पहुंचने लगे। बिहारशरीफ के सोहसराय मीट हाउस, मछली मार्केट, नई सराय, गगन दीवान समेत कई इलाकों में दुकानों के बाहर ग्राहकों की लंबी कतारें नजर आईं। कई दुकानों पर ग्राहकों को अपनी बारी के लिए एक से दो घंटे तक इंतजार करना पड़ा। बाजारों में बढ़ी भीड़ का असर मुख्य मार्गों पर भी दिखा और कुछ स्थानों पर जाम की स्थिति बन गई। मांग बढ़ने के साथ नॉनवेज की कीमतों में भी उछाल आया। मटन करीब 700 से 800 रुपये प्रति किलो बिका, जबकि कुछ जगहों पर इसकी कीमत 1000 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई। वहीं चिकन 200 से 240 रुपये प्रति किलो तक बिका।
कारोबारियों के अनुसार सावन समाप्त होते ही अचानक मांग बढ़ने से स्टॉक कम पड़ने लगा। इसके कारण चिकन की कीमत में करीब 20 से 30 रुपये प्रति किलो तक की वृद्धि हुई। कीमतों में बढ़ोतरी के बावजूद नॉनवेज के शौकीनों की मांग में कोई कमी नहीं दिखी।
Biharsharif Smartcity