03/06/2026
#कशमली_बूईला में पेयजल संकट गहराया, ग्रामीणों ने प्रशासन को दी आंदोलन की #चेतावनी___________
अर्की, सोलन। तहसील अर्की के अंतर्गत आने वाले गांव कशमली बूईला (डाकघर सरयांज) में पेयजल संकट गंभीर रूप धारण कर चुका है। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले कई दिनों से गांव में पानी की भारी किल्लत बनी हुई है, जिससे लोगों को पीने के पानी तक के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं पशुओं के लिए भी पानी की व्यवस्था करना मुश्किल हो गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि चुनावों के दौरान जनप्रतिनिधि बड़े-बड़े वादे करते हैं, लेकिन चुनाव समाप्त होने के बाद जनता की मूलभूत समस्याओं को नजरअंदाज कर दिया जाता है। उनका आरोप है कि पानी आपूर्ति से जुड़े कर्मचारियों द्वारा बार-बार मोटर खराब होने या अन्य तकनीकी खामियों का हवाला देकर समस्या को टाल दिया जाता है, जबकि स्थायी समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे।
ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि गांव में पेयजल आपूर्ति की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए। उनका कहना है कि यदि जल्द ही उचित कार्रवाई नहीं हुई तो वे लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन शुरू करने को मजबूर होंगे।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि समस्या के समाधान में और देरी होने पर क्रमिक अनशन, धरना-प्रदर्शन तथा सड़क जाम जैसे कदम उठाए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि जनआंदोलन की स्थिति उत्पन्न होने पर इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग, प्रशासन और सरकार की होगी।
ग्रामीणों का स्पष्ट कहना है कि "पानी हमारा अधिकार है, कोई एहसान नहीं।" गांववासियों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर राहत प्रदान करने की मांग की है।
E&E TV