09/10/2023
BSL में हड़कंप, GM बंसल सस्पेंड
आज सुबह से बोकारो शहर के खासकर बोकारो स्टील प्लांट के अधिकारियों में हड़कंप मचा हुआ है | कारण है अभी तक जो नहीं हुआ, उसक होना | किसी को कानोंकान खबर तक नहीं हुयी और एक महाप्रबंधक [ जी एम ] स्तर का अधिकारी निलंबित हो गया | यह रिकॉर्ड जिसके नाम पर बना है, वे है वी.के. बंसल अर्थात विकास कुमार बंसल | साहेब कुछेक माह पहले ही बोकारो स्टील प्रबंधन के नगर सेवा विभाग में बतौर जीएम, सिविल के पद पर बैठे थे | और कल रात यानि 07 अक्टूबर 23 की रात उनके नाम का निलंबन आदेश सीधे सेल मुख्यालय से आ गया | इस आदेश के पीछे भ्रष्टाचार की एक मजबूत कहानी है | बोकारो इस्पात प्रबंधन के सीओसी मणिकांत धान ने भी ऐसी कार्यवायी होने की पुष्टि की है | 'बोकारो टुडे से श्री धान ने कहा कि ऐसा आदेश आया है जिसमे श्री बंसल को निलंबित किया गया है लेकिन उसका कारण मुझे नहीं पता | श्री धान ने यह भी माना की उनकी जानकारी में यह पहली घटना है जिसमे सीधे किसी जीएम का निलंबन हुआ है |
' बोकारो टुडे' को जो जानकारी मिली है उसके अनुसार सेल के चेयरमैन अमरेंदु प्रकाश की विशेष नजर बोकारो स्टील प्रबंधन पर है | वे हाल तक इस प्लांट के निदेशक प्रभारी थे | उन्हें भी पता है कि BSL का नगर सेवा विभाग भ्रष्टाचार का अड्डा है | बिजली चोरी, आवास का अवैध कब्ज़ा और उसको रेंट पर चलना, जमीनों का अतिक्रमण, BSL की जमीन पर पैसे लेकर दुकान आदि खुलवाना, सिविल के काम में भारी स्तर पर भ्रष्टाचार आदि यहां इस कदर फला- फूला है कि जब तक कठोर कदम नहीं उठाये जायेंगे, तब तक इसका इलाज संभव नहीं है | अतिक्रमणकारियों का मनोबल इस कदर बढ़ा हुआ है कि अतिक्रमण हटाने गयी BSL की टीम पर जानलेवा हमला तक हुआ | और यह सब यहां के अधिकरियों की मिलीभगत का ही नतीजा है |
श्री बंसल के मामले में जो जानकारी है उसके अनुसार उनके और कुछेक अन्य के भ्रष्टाचार के मामले सेल के विजिलेंस विभाग और सेल के शीर्ष अधिकारी के पास है | भ्रष्टाचार से जुड़ा एक वीडिओ भी है | खबर है कि एक ठीकेदार के शिकायत के बाद प्रबंधन हरकत में आया और प्रथम दृष्टया श्री बंसल को दोषी पाते हुए उन्हें निलंबित कर दिया गया | इस मामले में ' बोकारो टुडे' ने श्री बंसल का पक्ष लेने हेतु उनके सेल द्वारा उपलब्ध कराये मोबाइल नंबर पर बात करने का प्रयास किया गया लेकिन उन्होंने कॉल नहीं उठाया | ' बोकारो टुडे' को श्री बंसल के पक्ष का इंतजार रहेगा, वे जब भी अपना पक्ष देंगे, हम प्रमुखता के साथ अपने पाठकों के समक्ष रखेंगे | वैसे इस मामले में अगर एकाध और अधिकारी के नाम पर सस्पेंड आर्डर की खबर आपको मिलें तो आप आश्चर्य नहीं करेंगे, कारण यह है कि ऐसी खबर भी हवा में तैर रही है |
08.10.2023
बोकारो और आसपास की ख़बरों के Like लिए करें Bokaro Today पेज