04/06/2026
भरमौर में वाहनों के प्रवेश पर लगेगा अब ग्रीन टैक्स
उपमंडल मुख्यालय में विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण की हुई बैठक
उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने वर्चुअल माध्यम से की बैठक कि अध्यक्षता
भरमौर:
उपमंडल मुख्यालय भरमौर में आज विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण (साडा) की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त एवं अध्यक्ष विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण मुकेश रेपसवाल ने वर्चुअल माध्यम से की। उपायुक्त ने बैठक में विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों, आय के स्रोतों तथा क्षेत्र के विकास एवं स्वच्छता से जुड़े विभिन्न विषयों पर अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की व संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
बैठक में उपमंडलाधिकारी (ना) भरमौर विकास शर्मा ने प्राधिकरण की विभिन्न गतिविधियों और आगामी योजनाओं से बैठक को अवगत करवाते हुए बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण की आय लगभग 40 लाख रुपये रही है।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से 1 जुलाई से दुकानों से 100 रुपये प्रतिमाह तथा आवासीय घरों से 50 रुपये प्रतिमाह सेनिटेशन शुल्क लिया जाएगा।
विकास शर्मा ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण और क्षेत्र की स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए 1 जुलाई से भरमौर में प्रवेश करने वाले वाहनों पर ग्रीन टैक्स भी लागू किया जाएगा। इसके तहत दोपहिया वाहनों से 50 रुपये, कार से 100 रुपये, एसयूवी/एमयूवी से 300 रुपये तथा बसों से 500 रुपये ग्रीन टैक्स लिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि आरएलए भरमौर में पंजीकृत वाहनों, स्थानीय निवासियों के वाहनों तथा स्थानीय टैक्सी यूनियन के वाहनों को ग्रीन टैक्स से छूट प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त जो वाहन प्रतिदिन भरमौर से खड़मुख की ओर आवागमन करते हैं, उनके लिए प्रशासन द्वारा विशेष पास जारी किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि ग्रीन टैक्स लागू होने से यात्रा सीजन के दौरान लगभग 70 लाख रुपये की अतिरिक्त आय होने की संभावना है, जिसका उपयोग क्षेत्र के विकास एवं पर्यावरण संरक्षण संबंधी कार्यों में किया जाएगा।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण के अंतर्गत आने वाले सार्वजनिक शौचालयों का रखरखाव अब संबंधित पंचायतों द्वारा किया जाएगा।
बैठक में अधिशासी अभियंता जल शक्ति विभाग विजय नाग, सहायक अभियंता लोक निर्माण विभाग संजीव कुमार शर्मा तथा सहायक अभियंता विद्युत विभाग कृष्ण कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।