15/10/2025
नीमच मण्डी : मूंगफली के कम भाव मिलने पर फूटा किसानों का गुस्सा, मंडी में व्यापारी को जमकर पीटा
नीमच की पुरानी कृषि उपज मंडी में बुधवार सुबह मूंगफली की नीलामी के दौरान किसान और व्यापारी आपस में भिड़ गए। मूंगफली के कम दाम मिलने से नाराज किसानों ने विरोध प्रदर्शन किया, जिसके बाद विवाद मारपीट में बदल गया।
किसानों ने मूंगफली व्यापारी ऋषि अग्रवाल को घेरकर पीटा, जिसके बाद व्यापारी मौके से भाग गए। इस घटना के बाद सभी किसान एकजुट हो गए और उन्होंने व्यापारियों पर मूंगफली का उचित मूल्य न देने का आरोप लगाया।
किसान बोले- व्यापारियों ने 2 दिन में आधा किया भाव
किसानों ने कहा कि दो दिन पहले तक मूंगफली का भाव 5 हजार था। लेकिन व्यापारियों ने रेट आधा कर दिया। 2500 से 3500 तक मूंगफली खरीदी जा रही है। इससे तो लागत निकालना भी मुश्किल हो रहा है।
किसानों ने मंडी में टेंपो हम्माल और तुलावटी द्वारा अवैध वसूली का आरोप भी लगाया। विवाद की सूचना मिलते ही एसडीएम संजीव साहू मौके पर पहुंचे और किसानों को उचित मूल्य दिलाने का आश्वासन दिया।