13/05/2023
योगी बाबा के बुलडोजर ने सपा, बसपा, कांग्रेस को रौंदा; सारे नगर निगम में भाजपा का मेयर
उत्तर प्रदेश नगर निकाय चुनाव के नतीजों में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की बीजेपी के चुनावी बुलडोजर ने अखिलेश यादव की सपा, मायावती की बसपा, प्रियंका गांधी की कांग्रेस समेत तमाम विपक्षी दलों को रौंद डाला है। 17 मेयर के चुनाव में 17 पर बीजेपी या तो आगे चल रही है या जीत चुकी है। बीजेपी झांसी, अयोध्या, गाजियाबाद, बरेली, सहारनपुर, मथुरा-वृंदावन और मुरादाबाद जीत चुकी है। गोरखपुर में बीजेपी के मंगलेश श्रीवास्त्व जीते हैं लेकिन सपा की काजल निषाद ने दोबारा गिनती की मांग उठा दी है इसलिए नतीजे का औपचारिक ऐलान रुका है। झांसी में बिहारी लाल आर्य, अयोध्या में गिरीश पति त्रिपाठी, गाजियाबाद में सुनीता दयाल, बरेली में उमेश गौतम, गोरखपुर में मंगलेश श्रीवास्तव, सहारनपुर में अजय सिंह, मथुरा-वृंदावन में विनोद अग्रवाल, मुरादाबाद में विनोद अग्रवाल मेयर चुनाव जीते हैं। मेयर चुनाव में सपा और बसपा का खाता खुलता नहीं दिख रहा है।
नगरपालिका चेयरमैन के 199 पद के चुनाव में 98 बीजेपी, 59 सपा, 19 बसपा, कांग्रेस 7 और 16 पर अन्य कैंडिडेट आगे चल रहे हैं। नगर पंचायत के 544 चेयरमैन पद के चुनाव में बीजेपी का अध्यक्ष उम्मीदवार 204, सपा 171, बसपा का 51, कांग्रेस का 44 और अन्य 74 शहर में आगे चल रहे हैं।
वार्ड पार्षदों के चुनाव में नगर निगम के 1420 वार्ड में 1342 वार्ड के रुझान आए हैं जिसमें बीजेपी 875, सपा 217, बसपा 158, कांग्रेस 26 और अन्य 66 सीट पर आगे चल रहे हैं। नगरपालिका के वार्ड काउंसलर चुनाव में 5377 सीट में से 4937 सीटों के रुझान आ चुके हैं जिसमें बीजेपी 3255, सपा 952, बसपा 495, कांग्रेस 114 और अन्य 121 सीट पर आगे हैं। नगर पंचायत के 7177 वार्डों में अब तक 6289 वार्ड के रुझान आए हैं जिसमें भाजपा 3542, सपा 1651, बसपा 749, कांग्रेस 180 और अन्य 167 जगहों पर आगे चल रहे हैं।
मेयर चुनाव में बीजेपी की तरफ से लखनऊ में सुषमा खर्कवाल, कानपुर में प्रमिला पांडेय, वाराणसी में अशोक तिवारी, अलीगढ़ में प्रशांत सिंघल, फिरोजाबाद में कामिनी राठौर, प्रयागराज में गणेश केसरवानी, शाहजहांपुर में अर्चना वर्मा, आगरा में हेमलता दिवाकर कुशवाह और मेरठ में हरिकांत अहलूवालिया आगे चल रहे हैं।