22/08/2026
1. हैदराबादी वेज दम बिरयानी
यह बिरयानी अपने तीखे, मसालेदार और शाही स्वाद के लिए जानी जाती है।
मुख्य सामग्री:
चावल: 2 कप बासमती चावल (भिगोए हुए)
सब्जियां: गाजर, बीन्स, आलू, हरी मटर और फूलगोभी (1.5 कप)
मैरिनेशन: 1 कप फेंटी हुई दही, 2 चम्मच अदरक-लहसुन पेस्ट, हरी मिर्च, कश्मीरी लाल मिर्च, हल्दी, धनिया पाउडर और गरम मसाला
तड़का और खुशबू: तली हुई प्याज (बिरस्ता), पुदीना, हरा धनिया, घी, और केसर वाला दूध
खड़े मसाले: तेजपत्ता, लौंग, हरी इलायची, दालचीनी और चक्र फूल
विधि:-
* सभी कटी हुई सब्जियों को दही और मसालों के साथ मिलाकर 30 मिनट के लिए मैरिनेट करने के लिए रख दें।
* एक अलग बर्तन में पानी उबालें, उसमें खड़े मसाले और नमक डालकर बासमती चावल को 80% तक उबाल लें और पानी छान लें।
* एक भारी तले के बर्तन में मैरिनेट की हुई सब्जियां फैलाएं। उसके ऊपर उबले हुए चावल की परत लगाएं।
* ऊपर से तली हुई प्याज, पुदीना, धनिया, घी और केसर वाला दूध डालें।
* बर्तन को आटे से सील (Dum) करके धीमी आंच पर 20-25 मिनट के लिए पकने दें।
2. लखनवी / अवधी वेज बिरयानी :-
यह बिरयानी हल्की, ज्यादा खुशबूदार और धीमी आंच पर पकाई जाने वाली होती है। इसमें मसालों की तीखापन कम और सुगंध ज्यादा होती है।
मुख्य सामग्री:
चावल: 2 कप बासमती चावल
सब्जियां व पनीर: मखाने, काजू, गोभी, गाजर और पनीर के टुकड़े।
खुशबूदार तत्व: केवड़ा जल, गुलाब जल, जावित्री-इलायची पाउडर, और थोड़ा सा दूध।
अन्य: घी, तली हुई प्याज, अदरक-लहसुन का सफेद पेस्ट (काजू-बादाम का पेस्ट वैकल्पिक)।
विधि:-
* चावल को खड़े मसालों के साथ उबालकर अलग रख लें।
* घी में काजू, मखाने और पनीर को हल्का भून लें। फिर उसी घी में खड़े मसाले और अदरक-लहसुन का पेस्ट डालकर सब्जियां भूनें।
* सब्जियों में थोड़ा पानी और नमक डालकर हल्का पकाएं।
* एक हांडी में पहले पकी हुई सब्जियां और उसके ऊपर चावल की परत लगाएं।
* ऊपर से केवड़ा जल, गुलाब जल, जावित्री-इलायची पाउडर और घी छिड़कें।
* बर्तन को ढककर दम पर 20 मिनट के लिए धीमी आंच पर छोड़ दें।
3. कोलकाता वेज बिरयानी :-
यह कोलकाता बिरयानी की खास पहचान इसमें उबले आलू और हल्के मीठे-सुगंधित स्वाद से होती है।
मुख्य सामग्री:
चावल: 2 कप बासमती चावल
मुख्य आकर्षण: उबले और हल्के भूरे तले हुए आलू
मसाले: जायफल, जावित्री पाउडर, मीठा अतर (Meetha Itar) या गुलाब जल, दूध और थोड़ा सा केसर
सब्जियां: मटर, बीन्स, और पनीर या सोया चंक
विधि:-
चावल को खड़े मसालों के साथ उबालकर अलग करे।
छिले हुए आलू को हल्दी, नमक और थोड़ा सा रंग लगाकर तेल में सुनहरा होने तक तले।
सब्जियों और सोया चंक्स को थोड़े मसालों के साथ भून लें।
एक हांडी में नीचे तले हुए आलू और सब्जियां रखें, ऊपर से चावल बिछाएं।
चावल के ऊपर थोड़ा केसर वाला दूध, जायफल-जावित्री पाउडर और कुछ बूंदें मीठे अतर/गुलाब जल की डालें।
दम देकर 15-20 मिनट पकाएं और गरमा-गरम परोसें।
4. मालाबार वेज बिरयानी :-
यह केरल की सबसे प्रसिद्ध मालबारी शैली की बिरयानी है, जो 'काइमा' या 'जीरा सांबा' चावल और नारियल के तेल से बनाई जाती हैं।
मुख्य सामग्री:
चावल: 2 कप काइमा (जीरा सांबा) चावल या छोटा बासमती चावल
तड़का: नारियल का तेल , काजू, किशमिश और करी पत्ते
सब्जियां: मशरूम, गाजर, आलू, मटर और फ्रेंच बीन्स
पेस्ट: हरी मिर्च, अदरक और लहसुन का दरदरा पेस्ट
विधि:-
* नारियल के तेल में काजू और किशमिश भूनकर अलग रख लें। उसी तेल में खड़े मसाले और अदरक-लहसुन-हरी मिर्च का पेस्ट भूनें।
* इसमें कटी हुई सब्जियां और नमक डालकर सब्जियों के गलने तक पकाएं।
* चावल को अलग से थोड़े घी/तेल में भूनकर पानी डालकर पका लें (या दम विधि अपनाएं)।
* एक बड़े बर्तन में चावल और पकी हुई सब्जियों की परत लगाएं।
* ऊपर से भुने हुए काजू, किशमिश, ढेर सारे करी पत्ते और ताजा हरा धनिया डालकर मिलाएं।
5. अंबूर वेज बिरयानी :-
तमिलनाडु के अंबूर क्षेत्र की यह बिरयानी तीखी और खास तौर पर तैयार किए गए मसालों के पेस्ट और पुदीने के स्वाद से भरपूर होती है। इसके साथ अक्सर बैंगन की खट्टी-मीठी ग्रेवी परोसी जाती है।
मुख्य सामग्री:
चावल: 2 कप सीरगा सांबा (Jeeraga Samba) चावल।
पेस्ट: लाल सूखी मिर्च और धनिया के बीजों का स्पेशल पिसा हुआ पेस्ट
सब्जियां: आलू, मटर, बीन्स और छोटे कटे हुए सोया चंक्स
अन्य: दही, पुदीना, धनिया पत्ती और नींबू का रस
विधि:-
* चावल धोकर अलग कर लें।
* कुकर या भारी बर्तन में तेल/घी गर्म करें, खड़े मसाले डालें और लाल मिर्च-धनिया का तैयार पेस्ट डालकर भूनें।
* इसमें कटा हुआ प्याज, टमाटर, पुदीना और सब्जियां डाले और अच्छे से भूनें।
* अब इसमें आवश्यकतानुसार पानी और नींबू का रस मिलाएं। पानी में उबाल आने पर चावल डालें।
* कुकर बंद करके 2 सीटी आने तक पकाएं। इसे बैंगन की ग्रेवी के साथ सर्व करें।
6). अवधी क्लासिक वेज बिरयानी :-
यह एक पारंपरिक अवधी शैली है जिसमें सब्जियों और पनीर को हल्के खड़े मसालों के साथ मैरिनेट करते है उसके बाद सीधे हांडी में पकाते है।
मुख्य सामग्री:
चावल: 2 कप लंबा बासमती चावल
सब्जियां: पनीर क्यूब्स, बेबी पोटैटो, ब्रोकोली या फूलगोभी, और गाजर
मसाले: इलायची पाउडर, दालचीनी पाउडर, व्हाइट पेपर (सफेद मिर्च) पाउडर, और जायफल
अन्य: शुद्ध देसी घी, केवड़ा वाटर, और काजू का पेस्ट
विधि:
* चावल को 70% तक उबालकर रख लें।
* सब्जियों में काजू का पेस्ट, दही, सफेद मिर्च पाउडर और नमक डाले और 1 घंटे के लिए मैरिनेट के लिए रखे।
* हांडी में देसी घी गर्म करके मैरिनेटेड सब्जियों को हल्का भूनें।
* इसके ऊपर उबले हुए चावल की परत लगाएं, ऊपर से इलायची-दालचीनी पाउडर, घी और केवड़ा वाटर छिड़कें।
* हांडी को ढक्कन से बंद करके धीमी आंच पर 20 मिनट के लिए दम पर छोड़ दें। बिरयानी तैयार है....