12/07/2026
#धनबाद में आधार केंद्र बढ़ाने की मांग, महापौर श्री Sanjeev Singh जी ने उपायुक्त को लिखा पत्र D C Dhanbad
धनबाद। धनबाद के महापौर संजीव सिंह ने जिले में आधार नामांकन एवं अद्यतन केंद्रों की संख्या बढ़ाने की मांग को लेकर उपायुक्त को पत्र लिखा है। उन्होंने कहा है कि धनबाद की बढ़ती जनसंख्या और आधार सेवाओं की बढ़ती मांग के मुकाबले वर्तमान में उपलब्ध आधार नामांकन एवं अद्यतन केंद्रों की संख्या काफी कम है, जिससे आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
महापौर ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि सीमित संख्या में आधार केंद्र होने के कारण वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों, महिलाओं, विद्यार्थियों तथा दूरदराज के क्षेत्रों से आने वाले लोगों को आधार नामांकन, मोबाइल नंबर अपडेट, बायोमेट्रिक अपडेट सहित अन्य आवश्यक सेवाओं के लिए लंबी कतारों में घंटों इंतजार करना पड़ता है। कई बार लोगों को बार-बार केंद्रों का चक्कर भी लगाना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में आधार कार्ड विभिन्न सरकारी योजनाओं, बैंकिंग सेवाओं, छात्रवृत्ति, पेंशन, राशन, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं और अन्य जरूरी सेवाओं से जुड़ा हुआ है। ऐसे में नागरिकों को समय पर आधार संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराना बेहद आवश्यक है। UIDAI भी आधार सेवाओं के विस्तार और लोगों को सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दे रहा है।
महापौर ने पत्र में यह भी कहा कि धनबाद नगर निगम क्षेत्र सहित जिले के विभिन्न प्रखंडों में आधार केंद्रों की अपर्याप्त संख्या के कारण आम लोगों में असंतोष बढ़ रहा है और आवश्यक सेवाओं की समयबद्ध उपलब्धता प्रभावित हो रही है।
उन्होंने उपायुक्त से जनहित को ध्यान में रखते हुए धनबाद जिले में आधार नामांकन एवं अद्यतन केंद्रों की संख्या बढ़ाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया है, ताकि नागरिकों को सहज, सुलभ और समयबद्ध आधार सेवाएं उपलब्ध हो सकें।