04/10/2026
अवैध उत्खनन के खिलाफ भीम आर्मी का विरोध मार्च
कतरास। क्षेत्र में जारी अवैध उत्खनन के खिलाफ आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) धनबाद के बैनर तले रविवार को विरोध मार्च निकाला गया। मार्च गुहीबांध बस स्टैंड से शुरू होकर कतरास थाना चौक तक पहुंचा। इसमें पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी शामिल हुए।
मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं ने अवैध उत्खनन पर तत्काल रोक लगाने और इसमें संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। वार्ड नंबर-5 की पार्षद निरुपमा देवी भी मौके पर पहुंचीं और आंदोलन का समर्थन किया।
इस दौरान पार्षद ने कहा कि क्षेत्र में अवैध उत्खनन में शामिल लोगों के नाम उजागर करने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि उन्हें स्थानीय लोगों का सहयोग मिल रहा है और अवैध उत्खनन के खिलाफ आगे भी चरणबद्ध आंदोलन जारी रखा जाएगा।
पार्टी नेताओं ने कहा कि कोयलांचल क्षेत्र में अवैध उत्खनन से लोगों की सुरक्षा के साथ पर्यावरण और जनजीवन पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए अवैध उत्खनन पर प्रभावी रोक लगाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।