12/05/2026
बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) सुप्रीमो और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायवाती ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पेट्रोल और डीजल की खपत कम करने, पब्लिक ट्रांसपोर्ट अपनाने और सोना न खरीदने की अपील पर प्रतिक्रिया दी है. बसपा सुप्रीमो ने कहा, 'देश की जनता के पास अब अधिक संयम बरतने या खोने के लिए बहुत कुछ नहीं बचा है.' मायावती ने एक्स पर अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान के खिलाफ जारी युद्ध की स्थिति को लेकर देश में संभावित आर्थिक संकट पर चिंता जताई है. उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि युद्ध समाप्ति को लेकर बनी अनिश्चितता, ऊर्जा संकट और विदेशी मुद्रा भंडार पर बढ़ते दबाव के कारण प्रधानमंत्री द्वारा देशवासियों से संयम बरतने की अपील की गई है, जो यह दर्शाता है कि भारत के सामने केवल पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस जैसी पेट्रोलियम वस्तुओं का ही नहीं बल्कि व्यापक आर्थिक संकट का भी खतरा मंडरा रहा है.