17/07/2026
केतार प्रखंड के मुकुन्दपुर विद्यालय में 40 छात्र-छात्राओं के बीच साइकिल का वितरण
मुखिया मूंगा साह ने कहा- शिक्षा के सफर को मिलेगी नई रफ्तार
केतार (गढ़वा) राज्य सरकार की कल्याणकारी योजना के तहत केतार प्रखंड के राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय मुकुन्दपुर में मंगलवार को आठवीं कक्षा के 40 छात्र-छात्राओं के बीच साइकिल का वितरण किया गया। साइकिल पाकर विद्यार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे और विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुकुन्दपुर पंचायत के मुखिया मूंगा साह ने छात्र-छात्राओं को साइकिल की चाबियां सौंपते हुए कहा कि सरकार की यह योजना ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए बेहद उपयोगी है। इससे विद्यालय आने-जाने में सुविधा होगी, समय की बचत होगी और बच्चों का शिक्षा के प्रति उत्साह बढ़ेगा।
उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि "साइकिल केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि सपनों को साकार करने का माध्यम है। नियमित रूप से विद्यालय आएं, मन लगाकर पढ़ाई करें और अपने माता-पिता, विद्यालय तथा क्षेत्र का नाम रोशन करें।"
कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने राज्य सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए इसे शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के शिक्षकों ने किया तथा अंत में विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
इस अवसर पर प्रधानाध्यापक राजू सिंह, वार्ड सदस्य धर्मेंद्र सिंह, शिक्षक सुरेंद्र ठाकुर, उदय शंकर वैद्य सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं स्थानीय ग्रामीण मौजूद थे।