01/09/2026
भराड़ी पुलिस की बड़ी सफलता, 24 घंटे में चोरी की वारदात का खुलासा
मोटरसाइकिल चोरी के बाद मंदिरों में चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, चोरी की बाइक बरामद
भराड़ी, बिलासपुर। पुलिस थाना भराड़ी की टीम ने चोरी के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मात्र 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार 30 अगस्त 2026 को गांव बल्ली (कोट) से मोटरसाइकिल चोरी होने तथा इसके बाद क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों में गल्ले तोड़कर चोरी किए जाने की शिकायत सामने आई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए भराड़ी पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने साहिल खान उर्फ साहू, पुत्र आबिद खान, निवासी हौड़, डाकघर जाहू, तहसील भोरंज, जिला हमीरपुर, उम्र 25 वर्ष को गिरफ्तार किया।
पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा गांव बल्ली (कोट) से मोटरसाइकिल नंबर HP-12E-2714 चोरी करने तथा इसी मोटरसाइकिल का इस्तेमाल क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों में चोरी करने और कुछ स्थानों पर चोरी का प्रयास करने की बात सामने आई है। पूछताछ में जिला हमीरपुर में भी चोरी की वारदातों तथा चोरी के प्रयासों से संबंधित जानकारी सामने आने की बात पुलिस ने कही है।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने अपनी पहचान छिपाने के लिए मास्क और हुड का इस्तेमाल किया था। भराड़ी पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल HP-12E-2714 बरामद कर ली है।
आरोपी को 31 अगस्त 2026 को गिरफ्तार किया गया। उसे माननीय न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड प्राप्त किया जाएगा, ताकि अन्य चोरीशुदा सामान की बरामदगी तथा मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की गहन जांच की जा सके।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है तथा अन्य चोरीशुदा सामान की बरामदगी के लिए आरोपी से पूछताछ की जाएगी।