30/05/2026
बिरनी प्रखंड के बंगराकला टोला नावाडीह में शुक्रवार शाम शीशम का पेड़ काटने के दौरान हुए हादसे में कपिलों निवासी 52 वर्षीय शहादत मियां की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 45 वर्षीय बारीक अंसारी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल को बेहतर इलाज के लिए धनबाद भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार, बंगराकला निवासी रंजीत राणा ने अपने फर्नीचर व्यवसाय के लिए शीशम का पेड़ खरीदा था।
पेड़ की मोटी डाल काटने के दौरान वह बीच से फट गई और उसकी चपेट में आने से हादसा हो गया। घटना के बाद इलाके में बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए।
सूचना मिलते ही बिरनी थाना प्रभारी आकाश भारद्वाज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति से समझौता हुआ, जिसमें रंजीत राणा ने मृतक के परिजनों को 5 लाख रुपये तथा घायल के इलाज के लिए 1 लाख रुपये और उपचार का पूरा खर्च देने पर सहमति बनी। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।