Public Times

Public Times Contact information, map and directions, contact form, opening hours, services, ratings, photos, videos and announcements from Public Times, News & Media Website, Gopalganj.

Public Times
गोपालगंज (बिहार) और देवरिया (उत्तर प्रदेश) की विश्वसनीय, निष्पक्ष और ताज़ा ख़बरों का डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म।
स्थानीय मुद्दे, जनसमस्याएं, प्रशासनिक अपडेट, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य और समाज से जुड़ी हर अहम जानकारी सबसे पहले आप तक।

देवरिया: नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में नामजद आरोपी गिरफ्तारदेवरिया जिले के सुरौली थाना क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म...
01/06/2026

देवरिया: नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में नामजद आरोपी गिरफ्तार

देवरिया जिले के सुरौली थाना क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और एससी/एसटी एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 29 मई को पीड़िता के परिजनों ने सुरौली थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनकी नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर ले जाया गया और उसके साथ दुष्कर्म किया गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) सुनील कुमार सिंह और क्षेत्राधिकारी बरहज राजेश चतुर्वेदी के पर्यवेक्षण में सुरौली थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी उग्रसेन उर्फ भल्लू को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले की विवेचना जारी है।

देवरिया: खराब मौसम को लेकर पुलिस का अलर्ट, लोगों से सतर्क रहने की अपीलभारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जिले में बिजली गिरन...
01/06/2026

देवरिया: खराब मौसम को लेकर पुलिस का अलर्ट, लोगों से सतर्क रहने की अपील

भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जिले में बिजली गिरने, गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश और तेज हवा चलने की संभावना जताए जाने के बाद देवरिया पुलिस ने व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के निर्देश पर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में लोगों को संभावित मौसमीय खतरों के प्रति सतर्क किया गया।
पुलिस टीमों ने लाउडस्पीकर और पीए सिस्टम के माध्यम से बाजारों, गांवों और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को जागरूक किया। इस दौरान नागरिकों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई।
पुलिस ने लोगों को सलाह दी कि वे आंधी-तूफान और बिजली चमकने के दौरान खुले मैदान, पेड़ों, बिजली के खंभों तथा जलाशयों के आसपास जाने से बचें। किसानों और श्रमिकों को खेतों एवं खुले स्थानों पर काम करते समय विशेष सावधानी बरतने की हिदायत दी गई।
इसके अलावा बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस और संबंधित विभागों को सूचना देने के लिए भी जागरूक किया गया।

देवरिया: यातायात पुलिस का अभियान, 96 वाहनों का चालान, तीन सीजदेवरिया यातायात पुलिस ने सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और याताय...
01/06/2026

देवरिया: यातायात पुलिस का अभियान, 96 वाहनों का चालान, तीन सीज

देवरिया यातायात पुलिस ने सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए रविवार को विशेष चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 96 वाहनों का ई-चालान किया गया, जबकि तीन वाहनों को सीज कर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के निर्देशन में यातायात प्रभारी गुलाब सिंह के नेतृत्व में शहर क्षेत्र में वाहन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान बस स्टैंड और अन्य प्रमुख स्थानों पर सड़क पर वाहन खड़ा कर सवारी भरने वाले ऑटो और ई-रिक्शा चालकों की जांच की गई। साथ ही बिना ड्राइविंग लाइसेंस, फिटनेस प्रमाणपत्र और अन्य जरूरी दस्तावेजों के वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
जांच के दौरान बिना नंबर प्लेट और ड्राइविंग लाइसेंस के संचालित एक ट्रैक्टर को भी सीज कर यातायात कार्यालय में खड़ा कराया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अभियान का उद्देश्य सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देना और वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना है।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से नियमों का पालन करने की अपील करते हुए चेतावनी दी कि उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

देवरिया: मिशन शक्ति के तहत बहू-बेटी अभियान, महिलाओं को किया जागरूकदेवरिया में मिशन शक्ति फेज-5.0 के अंतर्गत रविवार को वि...
01/06/2026

देवरिया: मिशन शक्ति के तहत बहू-बेटी अभियान, महिलाओं को किया जागरूक

देवरिया में मिशन शक्ति फेज-5.0 के अंतर्गत रविवार को विशेष "बहू-बेटी अभियान" चलाकर महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, स्वावलंबन तथा उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के निर्देशन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में चौपाल, जागरूकता सम्मेलन और जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए।
अभियान के दौरान मिशन शक्ति और एंटी रोमियो टीमों ने महिलाओं को दहेज उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, साइबर अपराध, महिला सुरक्षा और कानूनी अधिकारों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। साथ ही उन्हें आत्मनिर्भर बनने और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस टीमों ने नए आपराधिक कानूनों भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) और भारतीय साक्ष्य अधिनियम (बीएसए)-2023 के बारे में भी जानकारी दी। इसके अलावा महिला हेल्पलाइन 181, वूमेन पावर लाइन 1090, डायल 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, साइबर हेल्पलाइन 1930 समेत विभिन्न सहायता सेवाओं की जानकारी साझा की गई।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना और अन्य कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए जागरूकता पंपलेट भी वितरित किए गए।

देवरिया: 25 हजार का इनामी आरोपी नूनखार स्टेशन से गिरफ्तारदेवरिया पुलिस को अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी...
01/06/2026

देवरिया: 25 हजार का इनामी आरोपी नूनखार स्टेशन से गिरफ्तार

देवरिया पुलिस को अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता मिली है। खुखुन्दू थाना पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी और लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर शंकर के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) सुनील कुमार सिंह तथा क्षेत्राधिकारी सलेमपुर मनोज कुमार के पर्यवेक्षण में कार्रवाई की गई। रविवार को पुलिस टीम ने नूनखार रेलवे स्टेशन के पास छापेमारी कर वांछित आरोपी दुर्गेश को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान दुर्गेश पुत्र जगदीश, निवासी सलाहाबाद वार्ड संख्या-6, थाना सलेमपुर, जनपद देवरिया के रूप में हुई है। आरोपी थाना खुखुन्दू में दर्ज एक मामले में वांछित चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार जिले में अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

देवरिया: तमंचा और कारतूस के साथ युवक गिरफ्तार, आर्म्स एक्ट में केस दर्जदेवरिया जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अ...
01/06/2026

देवरिया: तमंचा और कारतूस के साथ युवक गिरफ्तार, आर्म्स एक्ट में केस दर्ज

देवरिया जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रुद्रपुर थाना पुलिस ने एक युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक देशी तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर शंकर के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के दौरान शनिवार सुबह रुद्रपुर थाना पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सहनकोट माता मंदिर के पास मोटरसाइकिल सवार एक युवक को रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान युवक के पास से एक देशी तमंचा 315 बोर और दो जिंदा कारतूस 315 बोर बरामद किए गए। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सूरज यादव, निवासी काशीपुर श्रीनगर कोल्हुआ, थाना रुद्रपुर, जनपद देवरिया के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ रुद्रपुर थाना में आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत मामला दर्ज किया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

गोपालगंज: अवैध ब्रेकरों से बढ़ी वाहन चालकों की परेशानी, ईंधन की भी हो रही अधिक खपतमांझागढ़ प्रखंड सहित जिले के कई ग्रामी...
01/06/2026

गोपालगंज: अवैध ब्रेकरों से बढ़ी वाहन चालकों की परेशानी, ईंधन की भी हो रही अधिक खपत

मांझागढ़ प्रखंड सहित जिले के कई ग्रामीण इलाकों में सड़कों पर बनाए गए अवैध ब्रेकर वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बनते जा रहे हैं। ग्रामीणों द्वारा तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण के उद्देश्य से कई स्थानों पर बिजली के पोल और अन्य सामग्री रखकर अस्थायी ब्रेकर बना दिए गए हैं, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इन ब्रेकरों के कारण वाहनों को बार-बार धीमा करना और रोकना पड़ता है, जिससे पेट्रोल और डीजल की खपत बढ़ रही है। वहीं कई ब्रेकर मानकों के अनुरूप नहीं बनाए गए हैं, जिसके कारण दोपहिया वाहनों के इंजन और अन्य हिस्सों को नुकसान पहुंचने का खतरा बना रहता है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क सुरक्षा के लिए ब्रेकर जरूरी हैं, लेकिन इन्हें तकनीकी मानकों के अनुसार बनाया जाना चाहिए। अनियमित और ऊंचे ब्रेकरों से दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। लोगों ने प्रशासन से ऐसे अवैध ब्रेकरों की जांच कर उचित कार्रवाई करने तथा मानक के अनुसार स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग की है।

गोपालगंज: गंडक नदी नाव हादसे में लापता बच्ची का शव बरामद, दो की तलाश जारीगोपालगंज के महम्मदपुर थाना क्षेत्र स्थित डुमरिय...
01/06/2026

गोपालगंज: गंडक नदी नाव हादसे में लापता बच्ची का शव बरामद, दो की तलाश जारी

गोपालगंज के महम्मदपुर थाना क्षेत्र स्थित डुमरिया घाट पर गंडक नदी में नाव पलटने के बाद लापता हुई तीन बच्चियों में से एक का शव रविवार को बरामद कर लिया गया। वहीं अन्य दो बच्चियों की तलाश के लिए एनडीआरएफ और गोताखोरों की टीम लगातार सर्च अभियान चला रही है।
बताया जाता है कि सल्लेहपुर टंडसपुर गांव निवासी चंदन यादव की पुत्री कृति कुमारी, रिया कुमारी तथा मजिस्टर राय की पुत्री अन्नया कुमारी अपने परिजनों के साथ खेती के कार्य से नाव के जरिए गंडक नदी पार कर रही थीं। इसी दौरान डुमरिया घाट के समीप अचानक मौसम खराब हो गया। तेज हवा और बारिश के बीच नाव असंतुलित होकर पलट गई, जिससे तीनों बच्चियां नदी में डूब गईं।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों और गोताखोरों ने बच्चियों की तलाश शुरू की, लेकिन सफलता नहीं मिली। बाद में प्रशासन के निर्देश पर एसडीआरएफ और पटना से विशेष गोताखोरों की टीम को बुलाया गया। तीसरे दिन रविवार को सर्च अभियान के दौरान सात वर्षीय अन्नया कुमारी का शव नदी से बरामद कर लिया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। वहीं शेष दो बच्चियों की तलाश जारी है।

01/06/2026

मांझागढ़: ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार तीन मजदूर गंभीर घायल

गोपालगंज के मांझागढ़ थाना क्षेत्र के धामापाकड़ गांव के समीप शनिवार देर शाम हुए सड़क हादसे में बाइक सवार तीन मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घायलों की पहचान जादोपुर थाना क्षेत्र के ख्वाजेपुर गांव निवासी अरुण कुमार, सचिन कुमार और श्रीलाल के रूप में हुई है। बताया जाता है कि तीनों शनिवार सुबह मजदूरी करने के लिए शहर आए थे। शाम को काम खत्म होने के बाद वे एक बाइक से अपने घर लौट रहे थे।
इसी दौरान धामापाकड़ गांव के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर जुटे स्थानीय लोगों ने सभी को सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज किया जा रहा है।

गोपालगंज: रील बनाने के चक्कर में घर से निकलीं पांच किशोरियां लापतागोपालगंज शहर में एक साथ पांच किशोरियों के लापता होने क...
01/06/2026

गोपालगंज: रील बनाने के चक्कर में घर से निकलीं पांच किशोरियां लापता

गोपालगंज शहर में एक साथ पांच किशोरियों के लापता होने की सूचना से पुलिस और परिजनों में हड़कंप मच गया। सभी किशोरियां शनिवार को स्कूल जाने की बात कहकर घर से निकली थीं, लेकिन स्कूल नहीं पहुंचीं। देर शाम तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। स्कूल प्रशासन से जानकारी लेने पर पता चला कि कोई भी किशोरी उस दिन स्कूल नहीं आई थी।
मामले की सूचना मिलने के बाद नगर थाना पुलिस ने जांच शुरू की और टेक्निकल सेल की मदद से किशोरियों की लोकेशन ट्रैक करने का प्रयास किया। इसी दौरान एक किशोरी को सिवान रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद कर लिया गया। वहीं अन्य चार किशोरियों की तलाश के लिए विभिन्न स्थानों पर छापेमारी जारी है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सभी किशोरियां आपस में अच्छी मित्र हैं और सोशल मीडिया पर रील बनाकर लोकप्रिय होने की कोशिश करती थीं। आशंका जताई जा रही है कि इसी कारण वे घर से निकली थीं। नगर थानाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर ने बताया कि पुलिस टीम लगातार कार्रवाई कर रही है और शेष किशोरियों को जल्द बरामद कर लिया जाएगा।

Address

Gopalganj

Alerts

Be the first to know and let us send you an email when Public Times posts news and promotions. Your email address will not be used for any other purpose, and you can unsubscribe at any time.

Contact The Business

Send a message to Public Times:

Share