Samachar India 24×7

Samachar India 24×7 Journalism is the profession of gathering information and presenting it in the form of news. Connect

02/09/2026

*'सड़कों पर एसपी सिटी का 'अचानक' एक्शन: बैंक रोड से गोलघर तक हड़कंप, संदिग्धों की क्लास, मातहतों को कड़े तेवर*

*बैंक रोड से गोलघर तक एसपी सिटी ने परखा सुरक्षा चक्र, संदिग्धों से पूछताछ के साथ मातहतों की कसी नकेल*

*जफ़र खान-----*

*गोरखपुर*/शहर की कानून-व्यवस्था को परखने और सुरक्षा तंत्र को चाक-चौबंद करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक नगर निमिष पाटिल खुद मैदान में उतर आए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ कौस्तुभ के निर्देश पर एसपी सिटी ने बुधवार को शहर के सबसे व्यस्त व्यावसायिक इलाकों बैंक रोड और गोलघर में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का बारीक निरीक्षण किया। गश्त के दौरान एसपी सिटी निमिष पाटिल ने थाना कोतवाली के बैंक रोड और थाना कैंट के गोलघर क्षेत्र में पैदल भ्रमण करते हुए सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की। उन्होंने संदिग्ध प्रतीत हो रहे व्यक्तियों से पूछताछ कराई और क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता का जायजा लिया। व्यापारियों और राहगीरों से बातचीत करते हुए एसपी सिटी ने उन्हें आश्वस्त किया कि शहर की सुरक्षा पुलिस की पहली प्राथमिकता है और मुख्य बाजारों में पुलिस बल लगातार मुस्तैद है। मौके पर तैनात पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को सख्त दिशा-निर्देश देते हुए एसपी सिटी निमिष पाटिल ने कहा कि भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में गश्त की आवृत्ति बढ़ाई जाए, पिकेट ड्यूटी पर तैनात जवान पूरी तरह सतर्क रहें और किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तत्काल कार्रवाई की जाए। उन्होंने महिला सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया। इस दौरान एसपी सिटी के साथ क्षेत्राधिकारी कोतवाली ओंकार दत्त तिवारी, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली पंकज कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक कैंट जितेंद्र कुमार सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी व जवान मौजूद रहे।

02/09/2026

*ना बोल पाने वाले मासूम को जब मिला अपनों का आंचल, छलक पड़े मां के आंसू*

*​बक्सीपुर चौकी प्रभारी आदित्य कुमार पांडेय बने मददगार: रोती मां की सुनी पुकार, 24 घंटे में पूरा किया तलाश का मिशन*

*जफ़र खान---*

*​गोरखपुर*/एक मां का दिल तब दहल गया जब उसका 16 वर्षीय बेटा पवन अचानक कहीं गुम हो गया। सही तरीके से न बोल पाने वाले पवन का घर से चले जाना परिजनों के लिए किसी बुरे सपने जैसा था। रोती-बिलखती मां गुंजा देवी ने जब थाने की चौखट पर कदम रखा, तो कोतवाली पुलिस ने बिना एक पल गंवाए इस दर्द को अपना समझा और तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी। परशुरामपुर (थाना पिपराइच) की रहने वाली गुंजा देवी जुबली इंटर कॉलेज में बन रहे हॉस्टल में मजदूरी का काम करती हैं। 1 सितंबर की दोपहर करीब 3 बजे उनका 16 साल का बेटा पवन कुमार गौड़ किसी बात पर नाराज होकर अचानक कहीं चला गया। बोलने में असमर्थ मासूम को ढूंढने के लिए परिजनों ने जमीन-आसमान एक कर दिया, पर उसका कोई सुराग न मिला। थक-हारकर मां 2 सितंबर को कोतवाली पहुंची और पूरी आपबीती सुनाई। मामले की गंभीरता और मां की ममता की तड़प को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ कौस्तुभ के निर्देश पर कोतवाली पुलिस एक्टिव मोड में आ गई। प्रभारी निरीक्षक पंकज कुमार सिंह के नेतृत्व में चौकी प्रभारी बक्सीपुर आदित्य कुमार पांडेय, उप-निरीक्षक निधि कुमारी और कांस्टेबल आशीष चंद्र श्रीवास्तव ने सुराग लगाने शुरू किए। ​मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आखिरकार 2 सितंबर की शाम करीब 6 बजे पवन को सकुशल बरामद कर लिया। जब पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी कर और उचित काउंसलिंग के बाद 16 साल के पवन को उसकी मां के सुपुर्द किया, तो मां की आंखों से बहे आंसुओं में राहत और पुलिस के प्रति अटूट आभार साफ झलक रहा था। ​गोरखपुर कोतवाली पुलिस की इस तत्परता और संवेदनशीलता ने न केवल एक परिवार को बिखरने से बचा लिया, बल्कि यह साबित कर दिया कि खाकी के पीछे भी एक सहृदय और संवेदनशील दिल धड़कता है।

02/09/2026

*​सुरक्षा, कानून और अधिकार... तिवारीपुर थाने में बेटियों ने सीखी निडर होकर जीने की क्लास*

*​थाना बना जागरूकता का मंच: मिशन शक्ति 5.0 के तहत तिवारीपुर पुलिस ने छात्राओं को दिया आत्मनिर्भरता का गुरुमंत्र*

*जफ़र खान---*

*​गोरखपुर*/खाकी का नाम सुनते ही जहां आमतौर पर लोगों के मन में एक दूरी और डर का अहसास होता है, वहीं बुधवार को तिवारीपुर थाने की तस्वीर कुछ अलग ही बयां कर रही थी। 'मिशन शक्ति 5.0' के द्वितीय चरण के तहत जब एन.एस. चिल्ड्रेन एकेडमी की नन्हीं-मुन्नी बेटियां तिवारीपुर थाना परिसर में दाखिल हुईं, तो पुलिसकर्मियों ने उनका स्वागत किसी आगंतुक की तरह नहीं, बल्कि अपने परिवार के बच्चों की तरह किया। ​थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित इस भ्रमण के दौरान बेटियों के मन से खाकी का डर पूरी तरह से गायब हो गया। जब छात्राओं ने साइबर सेल, मिशन शक्ति कक्ष और शिकायत निस्तारण कक्ष को देखा, तो उनकी उत्सुकता से भरी आंखों में कई सवाल थे। महिला पुलिसकर्मियों ने बहुत ही आत्मीयता से उनकी हर शंका का समाधान किया और उन्हें समझाया कि संकट के समय पुलिस हर पल एक सच्चे रक्षक की तरह उनके साथ खड़ी है।
​छात्राओं को सुरक्षा और विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए थानाध्यक्ष तिवारीपुर विकास कुमार सिंह ने उन्हें आत्मनिर्भर बनने और समाज में बिना किसी भय के आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्हें 1090 (वीमेन पावर हेल्पलाइन), 1930 (साइबर हेल्पलाइन) और 112 (आपातकालीन सेवा) जैसे सुरक्षा कवचों (हेल्पलाइन नंबरों) की जानकारी दी गई, जिसे सुनकर बेटियों के चेहरे पर एक नया आत्मविश्वास झलकने लगा। ​कार्यक्रम के अंत में जब बेटियों को जागरूकता पंपलेट सौंपे गए, तो उनके चेहरों पर एक अनूठी मुस्कान और आंखों में सुरक्षा का अटूट भरोसा था। यह केवल एक औपचारिक भ्रमण नहीं था, बल्कि बेटियों के सपनों को पंख देने और उन्हें यह विश्वास दिलाने का एक अहसास था कि 'आप सुरक्षित हैं, और आपकी सुरक्षा के लिए हम सदैव तत्पर हैं

01/09/2026

*बिहार से इलाज कराने आए दो लापता मासूमों को कैंट पुलिस ने 12 घंटे में किया सकुशल बरामद*

*इलाज की उम्मीद के बीच हादसा पंत पार्क के पास से अचानक गायब हुए थे बेतिया के दो मासूम*

*जफर खान---*

*गोरखपुर*/अपनों से बिछड़ने का दर्द क्या होता है, यह वही जान सकता है जिसने उस खौफनाक मोड़ का सामना किया हो। बिहार से इलाज की आस में गोरखपुर आए एक परिवार के ऊपर उस वक्त दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, जब उनके दो चिराग राहुल और युवराज—अचानक शहर के बीचों-बीच से लापता हो गए। परिजनों की आंखों में आंसू थे, दिल में अनहोनी का डर था और जुबान पर सिर्फ एक ही दुआ थी कि उनके बच्चे सलामत मिल जाएं। बिहार के पश्चिमी चम्पारण और बेतिया से परिजन अपने इन बच्चों का इलाज कराने गोरखपुर आए थे। राज आई हॉस्पिटल में दवा लेने से पहले उन्होंने दोनों को यूनिवर्सिटी गेट स्थित पंत पार्क के पास बैठाया था। लेकिन जब वे दवा लेकर लौटे, तो वहां सन्नाटा पसरा था—दोनों बच्चे गायब थे। भरी दोपहर में अजनबी शहर के भीतर अपनों का यूं खो जाना किसी बुरे सपने जैसा था। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने तत्काल कड़े निर्देश दिए। एसएसपी डॉ. कौस्तुभ के मार्गदर्शन और एसपी सिटी निमिष पाटिल के सुपरविजन में त्वरित कार्रवाई करते हुए तलाश शुरू की गई। बच्चों के लापता होने की सूचना मिलते ही थाना कैंट पुलिस तुरंत हरकत में आई। परिजनों की बेबसी और आंखों स बहते आंसू देखकर प्रभारी निरीक्षक कैंट जितेंद्र कुमार सिंह ने इसे महज़ एक 'केस' नहीं, बल्कि अपने ही घर के चिरागों की तलाश समझा। एसएसपी डॉ. कौस्तुभ और एसपी सिटी निमिष पाटिल की लगातार मॉनिटरिंग के तहत प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में विश्वविद्यालय चौकी, हॉक पैडलेगंज और हॉक कलेक्ट्रेट की विशेष टीमों का गठन कर दिन-रात एक कर दिया गया। बस अड्डों, चौराहों और रेलवे स्टेशनों पर सघन जांच शुरू हुई। पुलिस की आंखें लगातार सीसीटीवी फुटेज खंगालती रहीं। लगभग 12 घंटे का वक्त बीत चुका था, हर बीतता पल परिजनों की धड़कनें बढ़ा रहा था। तभी एसएसपी डॉ. कौस्तुभ व एसपी सिटी निमिष पाटिल के कुशल दिशा-निर्देशन और प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह व उनकी टीम की अथक मेहनत रंग लाई। गोरखपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 04 पर दोनों लापता बच्चे सकुशल मिल गए। जब बच्चों को सुरक्षित देखा गया, तो पुलिस टीम के चेहरे पर राहत और परिजनों की आंखों में खुशी के आंसू छलक पड़े। कानूनी प्रक्रिया पूरी कर दोनों बच्चों को उनके परिजन दिवाकर चौधरी के सुपुर्द कर दिया गया। जब परिजनों ने अपने बच्चों को गले से लगाया, तो उस पल सिर्फ खुशियां और खाकी के प्रति गहरा आभार था। परिजनों ने नम आंखों से एसएसपी डॉ. कौस्तुभ, एसपी सिटी निमिष पाटिल, प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह और पूरी गोरखपुर पुलिस का धन्यवाद करते हुए कहा कि अगर आज पुलिस फरिश्ता बनकर न खड़ी होती, तो न जाने क्या हो जाता।

30/08/2026

*एक्शन’ में एसपी सिटी: जाम से मुक्ति दिलाने खुद उतरे सड़क पर, मोहद्दीपुर में संभाला मोर्चा*

*सड़क पर बेतरतीब खड़े वाहनों और ई-रिक्शा चालकों पर कसा शिकंजा, अतिक्रमणकारियों को दिया अल्टीमेटम*

*जफ़र खान-----*

*गोरखपुर*/शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित और चुस्त-दुरुस्त बनाने के उद्देश्य से एसपी सिटी निमिष पाटिल ने मोहद्दीपुर चौराहे पर पहुंचकर औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मौके पर तैनात यातायात पुलिस कर्मियों और स्थानीय थाना पुलिस को सख्त हिदायत देते हुए व्यवस्था दुरुस्त करने के कड़े निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसपी सिटी ने चौराहे और आसपास के प्रमुख मार्गों पर वाहनों के दबाव और ट्रैफिक सिग्नल प्रणाली का जायजा लिया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को निर्देशित किया कि चौराहे और ऑटो स्टैंड के आसपास अवैध पार्किंग करने वालों पर तुरंत चालान की कार्रवाई की जाए। ई-रिक्शा और ऑटो चालकों द्वारा मनमाने ढंग से गाड़ियां रोककर सवारी बैठाने या उतारने पर रोक लगाई जाए, ताकि जाम की स्थिति न बने।
सड़कों और फुटपाथ पर किए गए अस्थायी अतिक्रमण को तत्काल हटाया जाए। मोहद्दीपुर चौराहा शहर के सबसे व्यस्ततम इलाकों में से एक है, जहां अक्सर ई-रिक्शा और ऑटो चालकों की मनमानी के कारण जाम की स्थिति बनी रहती है। एसपी सिटी ने चौराहे पर बेतरतीब ढंग से खड़े ई-रिक्शा और निजी वाहनों को तत्काल हटवाया। उन्होंने सड़क किनारे अवैध रूप से ठेला-खोमचा लगाकर आवागमन बाधित करने वालों को कड़ा अल्टीमेटम दिया और स्पष्ट किया कि सड़क पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जाएगा। एसपी सिटी निमिष पाटिल ने स्पष्ट किया कि यातायात सुगमता में किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि ड्यूटी के दौरान यातायात पुलिसकर्मी या होमगार्ड अपनी जिम्मेदारियों में लापरवाही बरतते पाए गए, तो उनके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने आम जनता से भी अपील की कि वे यातायात नियमों का निष्ठा से पालन करें, गलत दिशा में वाहन न चलाएं और निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही वाहन खड़े करके पुलिस का सहयोग करें

29/08/2026

नाकाम हुई साइबर ठगों की चाल: चिलुआताल पुलिस के प्रयास से खाते में वापस लौटी ठगी की पाई-पाई

*साइबर ठगों के चंगुल से वापस कराए 8.68 लाख रुपये*

*ऑनलाइन टास्क के नाम पर हुई थी ठगी, पुलिस की प्रभावी पैरवी से पीड़ित के खाते में लौटी पूरी रकम*

*ज़फ़र खान---*

गोरखपुर/ साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना चिलुआताल पुलिस की साइबर सेल टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन फ्रॉड के शिकार एक पीड़ित के खाते में पूरी राशि ₹8,68,582 (आठ लाख अड़सठ हजार पांच सौ बयासी रुपये) वापस कराए हैं। बीते वर्ष 02 अप्रैल 2025 को अज्ञात साइबर ठगों ने ऑनलाइन टास्क और घर बैठे कमाई का लालच देकर पीड़ित के पिता के बैंक खाते से ₹8,68,582 ट्रांसफर करा लिए थे। जब पीड़ित ने पैसे निकालने का प्रयास किया, तो जालसाजों ने ₹9,50,000 और जमा करने की मांग की। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने तत्काल राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) के माध्यम से थाना चिलुआताल में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही क्षेत्राधिकारी कैम्पियरगंज अनुराग सिंह के पर्यवेक्षण और थानाध्यक्ष सूरज सिंह के नेतृत्व में गठित साइबर टीम ने संबंधित बैंकिंग चैनलों से समन्वय स्थापित कर ठगी गई पूरी धनराशि को ट्रेस कर होल्ड कराया। इसके बाद राशि की वापसी के लिए न्यायालय से आदेश प्राप्त किया गया।
कार्रवाई के दौरान 'टाटा कैपिटल लिमिटेड' द्वारा अदालत में कानूनी आपत्ति दर्ज कराई गई थी, लेकिन चिलुआताल पुलिस ने बैंक अधिकारियों से लगातार पत्राचार और न्यायालय में मजबूत व प्रभावी पैरवी जारी रखी। नतीजतन, कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शनिवार, 29 अगस्त 2026 को पूरी राशि पीड़ित के खाते में सफलतापूर्वक हस्तांतरित करा दी गई।
सराहनीय कार्य करने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी चिलुआताल सूरज सिंह, सब इंस्पेक्टर/ साइबर नोडल सच्चिदानन्द पाण्डेय, विवेक चौरसिया - रिक्रूट कांस्टेबल ने कड़ी मेहनत करने सफलता हासिल की है।

29/08/2026

जनता दरबार मे सीएम योगी आदित्यनाथ में सुनी लोगो की समस्याएं दिया निस्तारण का आदेश

28/08/2026

*लखनऊ: रक्षाबंधन के मौके पर सीएम योगी को बच्चियों ने बांधी राखी।*

27/08/2026

*कानून के सख्त हाथों पर सजा बहनों का स्नेह: राजघाट थाने में रक्षाबंधन पर उमड़ा आत्मीयता का समंदर*

*दूर बैठी बहनों का मिला स्नेह, इन मासूम कलाइयों ने खाकी को बना दिया सुरक्षा का कवच" — थाना प्रभारी गौरव कुमार वर्मा*

*ज़फर खान----*

गोरखपुर। सुरक्षा का सख्त पहरा और कानून का अनुशासन... अमूमन पुलिस थाने की पहचान इन्हीं दीवारों से होती है। लेकिन रक्षाबंधन के पावन अवसर पर राजघाट थाने का नजारा कुछ ऐसा था, जिसने हर देखने वाले का दिल छू लिया। कठोर मानी जाने वाली 'खाकी' के पीछे छिपी एक संवेदनशील भाई की भावनाएं उस वक्त छलक पड़ीं, जब नन्ही स्कूली छात्राएं अपने हाथों में थाली और रेशमी धागे लिए थाना परिसर पहुंचीं। घर-परिवार से दूर रहकर 24 घंटे जनता की सुरक्षा में तैनात रहने वाले पुलिसकर्मियों के लिए यह पल किसी अनमोल सौगात से कम नहीं था। जैसे ही छोटी-छोटी बच्चियों ने थाना प्रभारी गौरव कुमार वर्मा और अन्य पुलिसकर्मियों की कलाइयों पर रक्षासूत्र बांधा, माहौल पूरी तरह से भावुक हो गया। महीनों से अपने घर और बहनों से दूर ड्यूटी कर रहे कई पुलिसकर्मियों की आंखें इस आत्मीयता को देखकर नम हो गईं। थाना प्रभारी गौरव कुमार वर्मा ने बेहद भावुक स्वर में एक-एक बच्ची के सिर पर हाथ रखकर आशीर्वाद दिया। उन्होंने छात्राओं को उपहार सौंपते हुए कहा कि दूर बैठी अपनी बहनों की याद आज इन बच्चियों के रूप में पूरी हो गई। थाना प्रभारी गौरव वर्मा ने कहा कि वर्दी पहनने के बाद देश और समाज ही हमारा परिवार बन जाता है। आज इन छोटी बहनों ने हमारी कलाई पर जो धागा बांधा है, वह सिर्फ एक रिवाज नहीं बल्कि विश्वास की सबसे मजबूत डोर है। जब तक यह खाकी हमारे जिस्म पर है, अपनी इन बहनों की मुस्कान पर कभी कोई आंच नहीं आने देंगे अमूमन पुलिस स्टेशन के नाम से झिझकने वाली इन मासूम बच्चियों के चेहरे पर डर की जगह एक अनोखा गर्व और खुशी साफ झलक रही थी। बच्चियों ने भी बड़े चाव से अपने हाथों से पुलिसकर्मियों का मुंह मीठा कराया। थाने का हर एक कोना उस वक्त औपचारिकता से परे, एक आत्मीय परिवार के आंगन की तरह चहक रहा था। राजघाट थाने की इस पहल ने न सिर्फ खाकी और जनता के बीच के फासले को मिटा दिया, बल्कि यह भी साबित कर दिया कि वर्दी के भीतर भी एक संवेदनशील और अपनों के प्यार के लिए धड़कता हुआ दिल होता है।

27/08/2026

*​तिवारीपुर थाने में गूंजा रक्षाबंधन का पर्व, नन्हीं-मुन्नी बच्चियों ने पुलिसकर्मियों को बांधी राखियां*

*​खाकी का मानवीय चेहरा: थाना प्रभारी विकास सिंह हुए भावुक, बेटियों को दिए उपहार और सुरक्षा का वचन*

*​फन एंड लर्न स्कूल की छात्राओं की पहल, कानून के रखवालों की कलाई पर सजा स्नेह का रक्षासूत्र*

*जफर खान----*

*गोरखपुर*/बहन और भाई के अटूट प्रेम व अटूट विश्वास का पावन पर्व रक्षाबंधन तिवारीपुर थाने में अनोखे और भावुक अंदाज में मनाया गया। ‘फन एंड लर्न स्कूल’ की नन्हीं-मुन्नी छात्राएं जब हाथों में रोली, अक्षत और थलियों में रंग-बिरंगी राखियां लेकर तिवारीपुर थाना परिसर पहुंचीं, तो वहां का माहौल खुशियों और आत्मीयता से सराबोर हो उठा।
विद्यालय की छात्राओं ने तिवारीपुर थाना प्रभारी विकास कुमार सिंह और वहां तैनात पुलिसकर्मियों की कलाई पर रक्षासूत्र बांधकर उनकी दीर्घायु एवं सफलता की कामना की। नन्हीं बहनों के इस स्नेह से भावविभोर थाना प्रभारी विकास कुमार सिंह और पुलिसकर्मियों ने भी बेटियों को तिलक लगाकर आर्शीवाद दिया तथा उपहार स्वरूप चॉकलेट्स व सामग्रियां भेंट कीं। कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी विकास कुमार सिंह ने कहा कि कानून-व्यवस्था और जनसेवा में दिन-रात मुस्तैद रहने वाले पुलिसकर्मियों के लिए यह पल बेहद खास है। उन्होंने छात्राओं को आश्वस्त करते हुए कहा कि पुलिस हर स्थिति में उनकी सुरक्षा के लिए तत्पर है। पुलिसकर्मियों ने नन्हीं बच्चियों को हर संकट में एक भाई की तरह साथ खड़े रहने और उनकी रक्षा करने का संकल्प दिलाया। इस अवसर पर स्कूल की शिक्षिकाएं, तिवारीपुर थाने के उपनिरीक्षक व पुलिसकर्मी मौजूद रहे। नन्हे-मुन्ने बच्चों के इस कदम और पुलिस विभाग की इस संवेदनशीलता की पूरे क्षेत्र में सराहना हो रही है।

Address

Gorakhpur

Telephone

+916388070231

Website

Alerts

Be the first to know and let us send you an email when Samachar India 24×7 posts news and promotions. Your email address will not be used for any other purpose, and you can unsubscribe at any time.

Contact The Business

Send a message to Samachar India 24×7:

Shortcuts

Share