06/08/2025
पंचायती राज मंत्रालय द्वारा संशोधित राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान ( ) पर एक दिवसीय राष्ट्रीय परामर्श कार्यशाला का आयोजन 7 अगस्त 2025 को डॉ. अंबेडकर अंतर्राष्ट्रीय केंद्र, नई दिल्ली में किया जा रहा है।
राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान पंचायती राज संस्थाओं की क्षमताओं को मजबूत करने के उद्देश्य से संचालित है, ताकि वे स्थानीय विकास आवश्यकताओं के प्रति अधिक उत्तरदायी, प्रौद्योगिकी-सहायित सहभागी योजनाएं तैयार करने में सक्षम हों, तथा उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग करते हुए सतत् विकास लक्ष्यों ( ) से जुड़ी स्थानीय चुनौतियों के व्यावहारिक समाधान सुनिश्चित कर सकें।
यह अभियान पंचायतों को स्थानीय स्वशासन और आर्थिक विकास के केंद्र के रूप में सशक्त बनाते हुए सतत् विकास लक्ष्यों ( ) के स्थानीयकरण को प्राथमिकता देता है। केंद्र एवं राज्य सरकारों के सहयोग से पंचायती राज संस्थाओं को अधिक समावेशी, उत्तरदायी और पारदर्शी बनाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
कार्यशाला के दौरान चयनित विषयों पर समूह आधारित परिचर्चा, प्रस्तुतीकरण और राज्यों के अनुभवों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। यह आयोजन पंचायतों की नेतृत्व क्षमता, ई-गवर्नेंस, राजस्व सृजन, संरचना विकास, तथा सशक्त ग्राम सभाओं को बढ़ावा देने की दिशा में एक व्यवस्थित संवाद का अवसर है।