04/09/2026
सोलन में शराब ठेके के सेल्समैन पर बेलचे से जानलेवा हमला, सिरमौर के दो युवक गिरफ्तार; गंभीर हालत में PGI रेफर
सोलन:
शहर के माल रोड स्थित आनंद कॉम्प्लेक्स के समीप शराब ठेके के सेल्समैन पर बेलचे से जानलेवा हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस थाना सदर सोलन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, गंभीर रूप से घायल सेल्समैन को प्राथमिक उपचार के बाद नाजुक हालत में पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है।
कहासुनी के बाद किया जानलेवा हमला
पुलिस को दी गई शिकायत में वीरेंद्र ठाकुर (निवासी शकौल, पच्छाद, जिला सिरमौर), हाल सेल्समैन पराशर हॉल शराब ठेका, ने बताया कि 3 सितंबर की रात करीब 9:50 बजे आनंद कॉम्प्लेक्स के पास दो युवकों—पंकज और अभिषेक—ने सेल्समैन पंकज कुमार शर्मा (निवासी गांव समैहल, कांगड़ा) के साथ मारपीट शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच के अनुसार, आरोपियों की सेल्समैन से किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी पंकज ने जान से मारने की नीयत से सेल्समैन पंकज कुमार शर्मा के सिर पर बेलचे से ताबड़तोड़ तीन-चार वार कर दिए, जिससे वह लहूलुहान होकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
पीजीआई चंडीगढ़ रेफर, हालत गंभीर
घटना के तुरंत बाद घायल को क्षेत्रीय अस्पताल सोलन पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए आगामी उपचार हेतु पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। वर्तमान में घायल का पीजीआई में उपचार चल रहा है।
SFSL टीम और CCTV फुटेज से जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस थाना सदर सोलन में आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1) और 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया और मौके पर स्टेट फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी (SFSL) की टीम को बुलाकर भौतिक साक्ष्य सुरक्षित किए। इसके साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों का गहन विश्लेषण कर गवाहों के बयान दर्ज किए गए।
दोनों आरोपी गिरफ्तार, अदालत में पेशी
साक्ष्यों और त्वरित छानबीन के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को 4 सितंबर को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान पंकज चीनटा (22 वर्ष) पुत्र बीजा राम और अभिषेक कुमार (23 वर्ष) पुत्र जोगिन्दर सिंह, दोनों निवासी गांव खडान, डाकघर हरिपुरधार, तहसील संगड़ाह, जिला सिरमौर के रूप में हुई है।
पुलिस दोनों आरोपियों के पिछले आपराधिक रिकॉर्ड की पड़ताल कर रही है। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है और मामले में आगामी तफ्तीश जारी है।