08/08/2026
अमेठी में बदहाल सड़क बनी ग्रामीणों के लिए मुसीबत, बारिश में जलभराव से बढ़ा हादसे का खतरा
अमेठी। जनपद मुख्यालय गौरीगंज तहसील क्षेत्र के शाहगढ़ ब्लॉक के रामदयाल ओझा (दादूपुर बहोरीकपुर) गांव की सड़क बदहाल हालत में है। बारिश होते ही सड़क पूरी तरह पानी में डूब जाती है, जिससे ग्रामीणों का आवागमन बेहद मुश्किल और खतरनाक हो जाता है।
सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढों में पानी भर जाने से लोगों को दिखाई नहीं देता और आए दिन ग्रामीण गिरकर चोटिल हो रहे हैं। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों को उठानी पड़ रही है। अभिभावक बच्चों को गोद में उठाकर सड़क पार कराने को मजबूर हैं।ग्रामीणों के मुताबिक करीब 300 लोगों की आबादी के लिए यह सड़क एकमात्र संपर्क मार्ग है। सड़क की बदहाली को लेकर कई बार अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से सड़क को ऊंचा कराकर जलभराव की समस्या दूर करने और सड़क का जल्द निर्माण कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं हुई तो बारिश के मौसम में बड़ा हादसा हो सकता है।