31/08/2026
प्रेस नोट
सड़क से सदन तक गूंजेगा अंबाला के अधूरे प्रोजेक्ट और टूटी सड़कों का मुद्दा-:निर्मल सिंह
12 साल में भाजपा ने अपना कार्यालय तो बना लिया, लेकिन अंबाला की जनता के लिए अधूरे पड़े प्रोजेक्ट पूरे नहीं कर पाई सरकार-:विनोद धीमान
नवरंग राय तालाब, महावीर पार्क, बाल भवन, मिनी सचिवालय, टीवी अस्पताल, अग्रसेन चौक का फ्लावर और सिविल अस्पताल की बिल्डिंग वर्षों से अधूरी—कांग्रेस ने सरकार को घेरा
अंबाला शहर:- ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अंबाला शहर द्वारा चलाए जा रहे सड़क से लेकर सदन तक कांग्रेस लड़ेगी अंबाला की लड़ाई अभियान के दूसरे दिन आयोजित धरने में अंबाला शहर के अधूरे पड़े विकास प्रोजेक्टों और बदहाल सड़कों का मुद्दा जोरदार तरीके से उठाया गया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए सवाल किया कि आखिर जनता के करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद अंबाला शहर के विकास प्रोजेक्ट वर्षों से अधूरे क्यों पड़े हैं।
धरने में पहुंचे अंबाला शहर विधायक चौधरी निर्मल सिंह ने कहा कि अंबाला शहर की जनता से जुड़े अधूरे प्रोजेक्टों और मूलभूत समस्याओं को वह लगातार विधानसभा में उठाते रहे हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा में जब भी विकास कार्यों और अधूरे प्रोजेक्टों को लेकर सरकार से सवाल किया जाता है तो सरकार के मंत्री बार-बार यह जवाब देते हैं कि हरियाणा सरकार के पास फंड की कोई कमी नहीं है। अगर फंड की कमी नहीं है तो फिर अंबाला शहर के महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट वर्षों से अधूरे क्यों पड़े हैं?
चौधरी निर्मल सिंह ने कहा कि नवरंग राय तालाब, महावीर पार्क, बाल भवन, मिनी सचिवालय, टीवी अस्पताल, अग्रसेन चौक का फ्लावर और सिविल अस्पताल की निर्माणाधीन बिल्डिंग जैसे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट आज भी अधूरे पड़े हैं। हालत यह है कि कई स्थानों पर विकास कार्यों की जगह जंगल जैसी स्थिति दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि जनता को सुविधाएं देने के नाम पर योजनाएं बनाई जाती हैं, शिलान्यास होते हैं, करोड़ों रुपये खर्च किए जाते हैं, लेकिन काम पूरा होने का इंतजार जनता आज भी कर रही है।
विधायक ने कहा कि कांग्रेस अब इन मुद्दों को केवल धरने तक सीमित नहीं रखेगी। अंबाला शहर के अधूरे प्रोजेक्टों और टूटी सड़कों का मुद्दा विधानसभा में सवाल के रूप में लगाया जा चुका है। कांग्रेस सरकार पर दबाव बनाएगी कि सभी अधूरे प्रोजेक्टों की समीक्षा के लिए उच्चस्तरीय कमेटी गठित की जाए, जिम्मेदारी तय की जाए और समयबद्ध तरीके से निर्माण कार्य पूरे करवाए जाएं।
12 साल में भाजपा ने जनता के लिए नहीं, अपना कार्यालय जरूर बना लिया : विनोद धीमान
धरने के आयोजक एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अंबाला शहर के प्रधान विनोद धीमान ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि वह भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं को इस बात के लिए बधाई देना चाहते हैं कि 12 साल के कार्यकाल में भाजपा का एक प्रोजेक्ट जरूर पूरा हुआ है—भाजपा का कार्यालय। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि भाजपा का कार्यालय निश्चित रूप से खूबसूरत बना है, लेकिन अंबाला शहर में जनता के लिए बनाए जाने वाले विकास प्रोजेक्ट आज भी अधूरे पड़े हैं।
विनोद धीमान ने कहा कि एक तरफ भाजपा का कार्यालय शानदार तरीके से खड़ा है और दूसरी तरफ अंबाला शहर की जनता टूटी सड़कों, अधूरे प्रोजेक्टों, जलभराव और मूलभूत सुविधाओं की कमी से जूझ रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के इन सवालों से पीछे हटने वाली नहीं है।
उन्होंने कहा कि चौधरी निर्मल सिंह विधानसभा में अंबाला की आवाज उठा रहे है, वहीं कांग्रेस पार्टी के पार्षद, जिला कांग्रेस कमेटी, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी, ग्रामीण कांग्रेस, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस और विभिन्न प्रकोष्ठ लगातार जमीन पर जनता की समस्याओं को उठा रहे हैं।
सड़क बनी और कुछ महीनों में टूटने लगी—कमीशनखोरी का खेल चल रहा है।
विनोद धीमान ने आरोप लगाया कि अंबाला शहर में नई बनने वाली सड़कों की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि ग्रीवेंस कमेटी की बैठक में भाजपा के विधायक तक यह बात कह चुके हैं कि कांग्रेस सरकार के समय 20 साल पहले बनी सड़कें आज तक चल रही हैं, जबकि भाजपा के शासन में सड़क बनने के कुछ ही समय बाद टूटने लगती है।
उन्होंने कहा कि घास मंडी की सड़क, बिजली बोर्ड से नोवेल्टी चौक तक की सड़क और सेक्टर-9 में बन रही सड़कों की स्थिति इसका उदाहरण है। इन सड़कों को बने हुए अभी कुछ महीने भी नहीं हुए और इनके टूटने की शिकायतें सामने आने लगी हैं।
विनोद धीमान ने आरोप लगाया कि सड़कों और विकास प्रोजेक्टों में घटिया सामग्री के इस्तेमाल और कथित कमीशनखोरी के कारण जनता के पैसे की बर्बादी हो रही है। उन्होंने अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब सड़कें टूट रही हैं तो जिम्मेदार अधिकारी कार्रवाई क्यों नहीं कर रहे?
उन्होंने कहा कि अब अधिकारी मौन रहकर जनता के सवालों से नहीं बच सकते। कांग्रेस हर सड़क, हर अधूरे प्रोजेक्ट और हर जनसमस्या का हिसाब मांगेगी।
कांग्रेस का ऐलान—प्रोजेक्ट पूरे होने तक जारी रहेगा संघर्ष
कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन केवल एक दिन का धरना नहीं है, बल्कि अंबाला शहर के हक और विकास की लंबी लड़ाई है। जब तक अधूरे प्रोजेक्टों को पूरा नहीं किया जाता, खराब सड़कों की जांच नहीं होती और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित नहीं की जाती, तब तक कांग्रेस जनता की आवाज को सड़क से लेकर सदन तक उठाती रहेगी।
धरने में कांग्रेस नेताओं ने सरकार से मांग की कि सभी अधूरे विकास प्रोजेक्टों की समयबद्ध समीक्षा, गुणवत्ता की जांच, खर्च हुए सरकारी धन का ऑडिट और लापरवाही के लिए जिम्मेदारी तय की जाए।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि अंबाला की जनता का पैसा अंबाला के विकास पर खर्च होना चाहिए, न कि अधूरे प्रोजेक्टों और घटिया निर्माण की भेंट चढ़ना चाहिए।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी के प्रधान पवन अग्रवाल, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के प्रधान राकेश मेहला रोहित शर्मा विशु,पार्षद पुनीत कवि,हरजीत सिंह,बबल,कुलदीप सिंह,गुल्लू, कोमल जैन,पूर्व पार्षद राजविंदर कौर,नरेंद्र पाली,मलकीत सिंह, नवीन गुप्ता,कमल विर्क,कमल, नैब सिंह सैनी,गुरनाम सिंह, अवतार सिंह,सुखविंदर सिंह, खुशवीर,बलिया,किरणपाल राणा, दविंदर बजाज,नरेश कुमार, परमिंदर बंटी,काला जाट,गुरनाम सिंह,रविंद्र सिंह,बिट्टू,बब्बू सैनी, आशु सैनी,दीपक धीमान,विक्रम तंवर,अमित तोमर,अशोक सोनी, दविंदर बक्शी,हरपाल पाली, हरवीर सिंह,माघी राम,बलबीर सिंह सोडा,योगेंद्र कोहली,दीपक बख्शी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे