22/08/2026
झारखंड के रामगढ़ से बड़े हादसे की खबर सामने आई है। जिले के हेहल में स्थित मां छिन्नमस्तिका सीमेंट एंड इस्पात के पावर प्लांट में देर रात टरबाइन ब्लास्ट होने के बाद भीषण आग लग गई। इस हादसे में तीन इंजीनियरों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसका रांची में इलाज चल रहा है। आग लगने के बाद पूरे प्लांट में अफरा-तफरी मच गई। प्लांट में काम करने वाले कर्मचारियों ने प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। कर्मचारियों का कहना है कि पावर प्लांट के इलेक्ट्रिक पैनल के तापमान को कम करने के लिए लगे एसी में खराबी थी, जिसकी शिकायत वो एक महीने से कर रहे थे, लेकिन प्रबंधन ने अनसुना कर दिया। टरबाइन फेल होने के बाद पैनल में ब्लास्ट हो गया और यह हादसा हो गया। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।