11/08/2026
# JPSC-JSSC नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर राजेश शर्मा ने छात्रों से की शांतिपूर्ण आंदोलन की अपील
झुमरी तिलैया। JPSC और JSSC की नियुक्ति प्रक्रिया में कथित धांधली और भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर झारखंड में छात्रों के बीच उठ रही आवाज़ के बीच राजेश शर्मा ने छात्रों से शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगें सरकार के सामने रखने की अपील की है।
राजेश शर्मा ने कहा कि यदि JPSC और JSSC की नियुक्ति प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता, भ्रष्टाचार या पैसे लेकर नौकरी देने की शिकायत सामने आती है, तो इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि योग्य और मेहनती अभ्यर्थियों के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय नहीं होना चाहिए तथा नियुक्ति प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और स्वच्छ होनी चाहिए।
उन्होंने छात्रों से अपील करते हुए कहा कि वे सरकार के साथ बातचीत के माध्यम से अपनी समस्याओं का समाधान निकालने का प्रयास करें। उन्होंने सुझाव दिया कि छात्र अपने प्रतिनिधियों का चयन कर उन्हें सरकार के साथ वार्ता के लिए भेजें, ताकि उनकी मांगों और समस्याओं पर सीधे तौर पर चर्चा हो सके।
राजेश शर्मा ने छात्रों से यह भी अपील की कि वे किसी भी राजनीतिक दल के बहकावे में आकर हिंसक गतिविधियों में शामिल न हों और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने से बचें। उन्होंने कहा कि छात्रों का आंदोलन उनके भविष्य से जुड़ा हुआ है और इसे शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से आगे बढ़ाया जाना चाहिए।
उन्होंने राजनीतिक दलों की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि आंदोलनों को राजनीतिक रूप देने का प्रयास किया जा सकता है। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे किसी भी राजनीतिक दावे को स्वीकार करने से पहले तथ्यों को समझें और अपने विवेक से निर्णय लें।
राजेश शर्मा ने झारखंड सरकार से भी छात्रों के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार को छात्रों की शिकायतों को गंभीरता से सुनना चाहिए और यदि नियुक्ति प्रक्रिया में कहीं अनियमितता पाई जाती है तो उसकी निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि बातचीत और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के माध्यम से ही इस समस्या का स्थायी समाधान निकाला जा सकता है।