18/07/2025
*होटल कर्मचारी की हत्या के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, 4 दिन के पुलिस रिमांड पर।*
पुलिस अधीक्षक श्री शशांक कुमार सावन के निर्देशानुसार कार्रवाई करते हुए स्पेशल स्टाफ व थाना अर्बन एस्टेट पुलिस टीम ने होटल कर्मचारी पारस की हत्या के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान मोनू उर्फ फर्राटा (25 वर्ष), निवासी क्रांति नगर, डबल फाटक, हिसार तथा अभिषेक उर्फ कलोल(23 वर्ष), मूल निवासी गांव इमलिया, जिला अमरोहा (उत्तर प्रदेश), वर्तमान में सिटी गेस्ट हाउस, हिसार के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
अर्बन एस्टेट थाना प्रभारी निरीक्षक विजय पाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी मोनू उर्फ फर्राटा लगभग 20–25 दिन पहले मृतक पारस के होटल में रुका था। कमरे की पेमेंट को लेकर उसका होटल कर्मचारी पारस से विवाद हो गया था। इसी रंजिश के चलते मोनू ने अपने साथी अभिषेक के साथ मिलकर पारस पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला किया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं और बाद में उसकी मृत्यु हो गई।
मृतक की पत्नी की शिकायत पर थाना अर्बन एस्टेट में 15 जुलाई 2025 को दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी और गुप्त सूचनाओं के आधार पर दोनों मुख्य आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। आरोपियों को पेश अदालत कर 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।