14/01/2025
हिन्दी साहित्य परिषद द्वारा आयोजित बैठक में साहित्यिक परिचर्चा एवं भव्य काव्य गोष्ठी :
कोलकाता : 8 दिसम्बर, प्रख्यात साहित्यिक संस्था हिन्दी साहित्य परिषद के मुख्य संरक्षक श्रद्धेय श्रीमान सूर्या सिन्हा जी के द्वारा आयोजित सहभोज में उनकी अध्यक्षता में कार्यकारिणी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की एक बैठक संपन्न हुई जिसमें संस्था द्वारा आयोजित होने वाले भविष्य के कार्यक्रमों के बारे में गहन परिचर्चा के बाद वर्ष - 2025 के वार्षिक कार्यक्रम और प्रत्येक महीने होने वाली मासिक काव्य गोष्ठी का अंतिम रुप रेखा तय किया गया।इस बैठक में सर्वसम्मति से तय हुआ कि प्रत्येक मासिक काव्य गोष्ठी में राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय स्तर के साहित्यकार को मुख्य अतिथि के रुप में निमंत्रित करके उन्हें सम्मानित किया जाएगा।संस्था के अध्यक्ष संजय शुक्ल द्वारा ४ मुख्य बिंदुओं पर दिए गए निम्न लिखित सुझाव को सर्वसम्मति से पारित किया गया।1) प्रत्येक माह के तीसरे रविवार को मासिक गोष्ठी का आयोजन 2) त्रैमासिक पत्रिका का संपादन 3) राष्ट्रीय स्तर पर कालेज और विश्वविद्यालयों में काव्य प्रतियोगिता का आयोजन और 4) आर्थिक रूप से कमजोर रचनाकारों की पुस्तकों का निःशुल्क छपवाने का कार्य हिन्दी साहित्य परिषद अनवरत रूप से करती रहेगी। तत्पश्चात संस्था के अध्यक्ष संजय शुक्ल की अध्यक्षता में काव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया जिसका कुशल संचालन प्रदीप कुमार धानुक ने किया।
जिन रचनाकारों ने इस अपूर्व संध्या पर अपनी काव्य सुरभि बिखेरी उनके नाम हैं – राम पुकार सिंह "पुकार ग़ाज़ीपुरी", इमरान राकिम, शकील गोंडवी, ओमप्रकाश चौबे, रीमा पांडेय, रूपम महतो, राम नारायण झा "देहाती", डाॅ मनोज मिश्र और कालिका प्रसाद उपाध्याय "अशेष"।अंत में यह काव्य गोष्ठी नंदू बिहारी द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ सुसम्पन्न हुई|