27/08/2026
चाकुलिया में ब्रह्माकुमारी संस्था ने मनाया रक्षाबंधन पर्व
जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, समाजसेवियों व शिक्षाविदों को बांधा रक्षा सूत्र, नशामुक्त समाज का लिया संकल्प
चाकुलिया। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की चाकुलिया शाखा की ओर से परमात्म स्नेह एवं पवित्रता के प्रतीक रक्षाबंधन पर्व का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी संजू बहन एवं बीके गंगा बहन ने जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, समाजसेवियों एवं शिक्षाविदों को रक्षा सूत्र बांधकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान विधायक समीर कुमार महंती को भी रक्षा सूत्र बांधा गया। इसके बाद सरस्वती शिशु मंदिर में प्रधानाध्यापक सहित उपस्थित सभी शिक्षकों को रक्षा सूत्र बांधकर पर्व की शुभकामनाएं दी गईं।
नया बाजार स्थित ब्रह्माकुमारी शाखा में आयोजित कार्यक्रम में वार्ड 11 की पार्षद मौसमी मलिक, पार्षद गोपाल दास, समाजसेवी संजय घोष, राजेश, दिनेश, डॉ. काशीनाथ महतो (प्रिंसिपल, डिग्री कॉलेज), तपन कुमार (लेक्चरर, एसआरकेएमडी), राम स्वरूप एवं व्याख्याता दिलीप कुमार सहित अन्य गणमान्य लोगों को रक्षा सूत्र बांधा गया।
इस अवसर पर चाकुलिया शाखा प्रभारी बीके संजू बहन ने रक्षाबंधन के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व केवल सामाजिक परंपरा नहीं, बल्कि बुराइयों, नकारात्मक विचारों और व्यसनों से दूर रहने का संकल्प लेने का अवसर भी है। रक्षा सूत्र पवित्रता, सकारात्मक सोच और श्रेष्ठ जीवन जीने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने बताया कि 31 अगस्त को चाकुलिया में ब्रह्माकुमारी संस्था की ओर से नशामुक्ति महाअभियान आयोजित किया जाएगा। अभियान के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए नशामुक्त जीवन जीने का संकल्प दिलाया जाएगा। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, समाजसेवियों एवं आम नागरिकों से अभियान में सक्रिय सहभागिता की अपील की।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने स्वस्थ और नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने का संकल्प लिया।