15/09/2026
चाकुलिया के स्कूल में पंखा चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
चोरी के पंखे बरामद, झारखंड से पश्चिम बंगाल तक जुड़े तार; एक अन्य आरोपी की तलाश जारी
चाकुलिया। चाकुलिया थाना क्षेत्र के मध्य विद्यालय रुपुषकुंडी में 28 अगस्त की रात हुई पंखा चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी के पंखे, पंखा खोलने के औजार और दो एंड्रॉयड मोबाइल बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, विद्यालय से 10 सिलिंग पंखे और तीन दीवार पंखे चोरी होने के संबंध में विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक धनंजय हेंब्रम की लिखित शिकायत पर चाकुलिया थाना कांड संख्या 52/2026, दिनांक 29 अगस्त 2026 को धारा 305/331(2)/3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।
मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम ने गुप्त सूचना और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर 14 सितंबर 2026 को चाकुलिया थाना क्षेत्र के सपाधरा गांव निवासी तमीर महतो उर्फ पांडु महतो (34), पिता जगन्नाथ महतो को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने एक अन्य साथी के साथ विद्यालय में चोरी करने की बात स्वीकार की। उसने चोरी किए गए पंखों को पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम स्थित काशीनाथ मंडल की पंखा रिपेयरिंग दुकान में बेचने की बात बताई।
तमीर महतो की निशानदेही पर उसके घर से तीन सिलिंग पंखे और पंखा खोलने के औजार बरामद किए गए। वहीं झाड़ग्राम स्थित काशीनाथ मंडल की दुकान से चार पंखे, जिनके पार्ट्स खुले हुए थे, बरामद किए गए।
पुलिस ने इस मामले में काशीनाथ मंडल (करीब 50 वर्ष), पिता स्वर्गीय विजय कुमार मंडल, निवासी बलरामडीही, थाना झाड़ग्राम, जिला झाड़ग्राम (पश्चिम बंगाल) को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस अब मामले में शामिल एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
बरामद सामान
उषा कंपनी का एक सिलिंग पंखा
एसईसी कंपनी के दो सिलिंग पंखे
उषा कंपनी के तीन डाउन रॉड-कैनोपी सेट
एसईसी कंपनी का एक डाउन रॉड-कैनोपी सेट
पंखा खोलने के लिए एक प्लास और एक टेस्टर
दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन
पुलिस टीम में चाकुलिया थाना प्रभारी पु०अ०नि० राजेश कुमार, पु०अ०नि० अजीत कुमार, पु०अ०नि० मनोज कुमार मुर्मू तथा आरक्षी सुदाधार प्रसाद सिंह और चिन्ना कच्छप शामिल थे।