01/12/2025
महाराष्ट्र के नांदेड़ में सक्षम टेटे और आंचल पिछले तीन सालों से एक दूसरे के साथ थे। आंचल पिछड़े वर्ग से थी। सक्षम दलित वर्ग से था। आंचल के परिवार ने शुरुआत में दोनों के रिश्तों पर कोई एतराज नहीं जताया। आंचल के भाई सक्षम के साथ आते-जाते और खाना तक खाते थे। किसी तरह की कोई दिक्कत नहीं थी। आंचल को भरोसा दिया था कि तुम दोनों की आपस में शादी करवा देंगे।
फिर एक दिन आंचल से उसके पिता ने कहा, सक्षम जय भीम वाला है। अगर यह हमारी परंपरा को स्वीकार कर ले तब हम शादी कर देंगे। सक्षम उसके लिए भी मान गया। चूंकि परिवार के मन में खोट था इसलिए खत्म करने की भावना पनप गई। आंचल के भाई हिमेश ममीदवार ने सक्षम से विवाद किया, फिर अपने भाई व दोस्तों के साथ जमकर मारा पीटा। फिर गोली मार दी। इसके बाद पत्थर से सिर कूंच दिया।
लाश देखकर आंचल बदहवास हो गई। उसने सक्षम के हाथ में सिंदूर रखा और अपने माथे पर लगा लिया। कह दिया कि सक्षम की ही रहूंगी। अब परिवार के खिलाफ गवाह है। दो पुलिसवालों पर भी आरोप लगाया है कि उन दोनों ने मेरे भाईयों को सक्षम के खिलाफ भड़काया है।
ये समाज अंतर्जातीय विवाह को स्वीकृति देने वाला नहीं है। हां, आर्थिक मजबूती है, तब इस समाज में जाति का बंधन नहीं रहता। वरना कितने ही सक्षम मारे जाते हैं, कितनी ही आंचल जीवनभर सक्षम के वियोग में रह जाती हैं।