15/07/2026
#प्रधानमंत्री के जींद दौरे को लेकर ट्रैफिक प्लान जारी
#17 जुलाई को कई मार्ग रहेंगे बंद, वैकल्पिक रूट अपनाने और समय से पहले यात्रा की पुलिस की अपील
#जींद, 15 जुलाई(दलेर सिंह)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 जुलाई को प्रस्तावित जींद दौरे के मद्देनजर जिला पुलिस ने व्यापक ट्रैफिक एडवाइजरी जारी करते हुए शहर और आसपास के क्षेत्रों के लिए विशेष यातायात प्रबंधन योजना लागू की है। सुरक्षा व्यवस्था और यातायात को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से कई प्रमुख मार्गों पर डायवर्जन तथा कुछ सड़कों को अस्थायी रूप से बंद रखने का निर्णय लिया गया है। पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले निर्धारित रूट डायवर्जन की जानकारी अवश्य लें और पुलिस द्वारा बताए गए वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें।
पुलिस के अनुसार 17 जुलाई को नरवाना रोड पुल बाईपास से आने वाले वाहनों को कच्चा जुलानी रोड होते हुए ईटल मार्ग से जींद-बरवाला रोड की ओर भेजा जाएगा। वहीं कैथल रोड बाईपास से आने वाले वाहन अहिरका, कच्चा जुलानी रोड और ईटल मार्ग का प्रयोग करेंगे। जुलानी फाटक तथा जलालपुरा फाटक से आने वाले वाहनों को जुलानी, ईक्कस और ईटल मार्ग के रास्ते नरवाना रोड, अहिरका तथा कैथल रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
पुलिस ने बताया कि कृष्णा मंदिर रेलवे स्टेशन के सामने वाला शहर मार्ग पूरी तरह बंद रहेगा। इसके अलावा वीटा प्लांट रोड, पटियाला चौक रोड तथा पुरानी सब्जी मंडी से पटियाला चौक की ओर जाने वाला मार्ग भी पूर्ण रूप से बंद रहेगा। टेंडरी मोड़, ईक्कस, भिवानी रोड और बरवाला रोड के माध्यम से हांसी और बरवाला की ओर वाहनों की आवाजाही कराई जाएगी।
रैली में शामिल होने वाले वाहनों के लिए भी विशेष प्रबंध किए गए हैं। बरवाला, हांसी, हिसार और भिवानी की ओर से आने वाले वाहन रोहतक रोड नाका, नई अनाज मंडी, एनएच-352, नए बस स्टैंड और सफीदों बाईपास सर्विस रोड से होकर निर्धारित पार्किंग स्थल तक पहुंचेंगे। वहीं नरवाना रोड, कैथल रोड और हैबतपुर रोड से आने वाले वाहनों को हैबतपुर रोड के माध्यम से सीधे रैली एवं पार्किंग स्थल तक भेजा जाएगा।
जिले और बाहरी राज्यों की ओर जाने वाले वाहनों के लिए भी वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। भिवानी से पंजाब, कैथल और चंडीगढ़ जाने वाले वाहन मुढाल-हांसी-बरवाला मार्ग का उपयोग करेंगे। हांसी से नरवाना और चंडीगढ़ जाने वाले वाहन नारनौंद, खेड़ी चौपटा और उचाना होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। बरवाला से जींद होते हुए पानीपत जाने वाले वाहनों को खेड़ी चौपटा, उचाना, घोघड़िया, नगूरां तथा कैथल-असंध मार्ग से भेजा जाएगा। रोहतक से नरवाना और कैथल की ओर जाने वाले वाहनों के लिए एनएच-152डी निर्धारित किया गया है, जबकि नरवाना एवं कैथल रोड से दिल्ली जाने वाले वाहन एनएच-152डी तथा जम्मू-कटरा-दिल्ली हाईवे का उपयोग करेंगे। पानीपत, सोनीपत और गोहाना से हांसी, हिसार तथा भिवानी की ओर जाने वाले वाहनों के लिए भी एनएच-152डी निर्धारित किया गया है।
जिला पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि 17 जुलाई को अनावश्यक रूप से प्रतिबंधित मार्गों पर जाने से बचें, यदि संभव हो तो अपनी यात्रा का समय पहले या बाद में निर्धारित करें तथा वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। साथ ही ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के निर्देशों का पालन करते हुए यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के दौरान आमजन की सुरक्षा, सुचारु यातायात और शांतिपूर्ण आयोजन सुनिश्चित करने के लिए विशेष ट्रैफिक प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि नागरिक प्रशासन का सहयोग करते हुए निर्धारित ट्रैफिक व्यवस्था का पालन करेंगे।