16/06/2026
जयपुर में कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके को थप्पड़ मारने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में भाजपा के एक पदाधिकारी का भाई भी शामिल बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, विधायकपुरी थाना क्षेत्र में आयोजित कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन के दौरान अभिजीत दीपके पर हमला हुआ था। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद थे। जब अभिजीत दीपके कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे तो समर्थकों ने उन्हें कंधों पर उठा लिया। इसी दौरान भीड़ में मौजूद एक युवक ने आगे बढ़कर उन्हें थप्पड़ मार दिया, जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई।
पांच युवकों की हुई गिरफ्तारी
डीसीपी साउथ राज ऋषि ने बताया कि मामले में रोहित शर्मा (25) निवासी हीरावाला कानोता, राकेश गुर्जर (30) निवासी कुचावास बगरू, अजय शर्मा (25) निवासी कानोता, कुलदीप सिंह शेखावत (27) निवासी देवराला सीकर और निकेत (28) निवासी प्रभात नगर जोधपुर को गिरफ्तार किया गया है।