16/05/2026
कैथल पुलिस का “नशे मुक्त हो जिला ” अभियान लगातार जारी,
गांव-गांव पहुंचकर आमजन सहित युवाओं को किया जा रहा जागरूक,
गांव टीक, बरोट व बंदराना में नशे के दुष्परिणाम बताते हुए विद्यार्थियों सहित आमजन को किया गया जागरूक
कैथल न्यूज़, 16 मई
नशे मुक्त हो जिला मुहिम के तहत समाज को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के कुशल नेतृत्व एवं निर्देशानुसार कैथल पुलिस द्वारा जिले भर में नशा जागरूकता अभियान को निरंतर प्रभावी रूप से चलाया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे की गिरफ्त से बाहर निकालकर उन्हें स्वस्थ, सुरक्षित एवं सकारात्मक जीवन की ओर प्रेरित करना है। इसी कड़ी में नशा जागरूकता टीम में शामिल एसआई कर्मबीर सिंह, एएसआई मनोज, एचसी दिनेश, सिपाही नसीब, महिला सिपाही नीलम, महिला एसपीओ गीता, एसपीओ चांदी राम की टीम द्वारा गांव टीक, बरोट व बंदराना में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस प्रवक्ता ने बताया की कार्यक्रमों के दौरान ग्रामीणों, युवाओं, विद्यार्थियों और महिलाओं को नशे के दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। टीम सदस्यों ने उपस्थित लोगों को बताया कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि परिवार, समाज और भविष्य को भी प्रभावित करता है। युवाओं को नशे से दूर रहकर खेल, शिक्षा और रोजगार जैसे सकारात्मक कार्यों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया। इसके साथ ही आमजन को यह भी जानकारी दी गई कि यदि कहीं भी नशे का अवैध कारोबार दिखाई दे तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते सख्त कार्रवाई की जा सके। ग्रामीणों ने भी पुलिस के इस अभियान की सराहना करते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग देने का आश्वासन दिया। कैथल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के खिलाफ यह जागरूकता अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि जिले को नशामुक्त बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा सकें।