31/07/2026
व्यापारियों के सुझावों से होगा कर्ण नगरी के बाजारों का सुनियोजित विकास : महापौर
कुंजपुरा रोड मार्केट एसोसिएशन की कार्यकारिणी बैठक में विधायक जगमोहन आनंद ने व्यापारियों की भूमिका को बताया शहर की आर्थिक शक्ति
बाजार के विकास, पार्किंग, स्वच्छता और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर विस्तृत चर्चा, नवनिर्वाचित प्रधान को दी शुभकामनाएं
करनाल। शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र कुंजपुरा रोड के समग्र एवं सुनियोजित विकास को नई दिशा देने के उद्देश्य से शुक्रवार को लीला ग्रैंड होटल में कुंजपुरा रोड मार्केट एसोसिएशन की कार्यकारिणी बैठक आयोजित की गई। बैठक में करनाल विधायक जगमोहन आनंद तथा महापौर रेणु बाला गुप्ता ने व्यापारियों के साथ विस्तार से संवाद में बाजार के विकास, जनसुविधाओं और व्यापारिक हितों से जुड़े विभिन्न विषयों पर सकारात्मक एवं सार्थक चर्चा की। बैठक में व्यापारियों ने भी अपनी विभिन्न समस्याओं, सुझावों और अपेक्षाओं को प्रमुखता से रखा।
इस अवसर पर विधायक जगमोहन आनंद ने अपने संबोधन में कहा कि व्यापारी वर्ग किसी भी शहर की आर्थिक प्रगति की मजबूत नींव है। प्रदेश सरकार व्यापारियों के हितों की रक्षा तथा बाजारों में बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों के सुझावों को विकास योजनाओं में उचित प्राथमिकता दी जाएगी, जिससे करनाल के बाजार और अधिक व्यवस्थित एवं आधुनिक बन सकें।
महापौर रेणु बाला गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि व्यापारियों का सशक्त सहयोग ही एक समृद्ध, व्यवस्थित और विकसित करनाल की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि नगर निगम शहर के प्रत्येक बाजार में बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने, स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने तथा नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।
महापौर ने कहा कि बैठक में कुंजपुरा रोड मार्केट के सुव्यवस्थित विकास, यातायात प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था, नियमित स्वच्छता, सड़क एवं प्रकाश व्यवस्था, सौंदर्यीकरण, जनसुविधाओं के विस्तार तथा व्यापारियों की आवश्यकताओं से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा हुई। व्यापारियों द्वारा दिए गए सुझावों का गंभीरतापूर्वक परीक्षण कर प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि नगर निगम और व्यापारी संगठन आपसी समन्वय एवं सहभागिता के साथ कार्य करेंगे तो बाजारों का विकास अधिक प्रभावी, योजनाबद्ध और स्थायी रूप से किया जा सकेगा। हमारा उद्देश्य केवल विकास कार्य कराना नहीं, बल्कि ऐसा व्यावसायिक वातावरण तैयार करना है जहां व्यापारियों को सुविधाएं मिलें और आम नागरिकों को भी बेहतर एवं सुगम सेवाएं उपलब्ध हों।
महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कुंजपुरा रोड मार्केट एसोसिएशन के नवनिर्वाचित प्रधान श्री रॉबिन क्रूटी को नई जिम्मेदारी के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में एसोसिएशन व्यापारियों के हितों की प्रभावी आवाज बनकर बाजार के विकास, संगठन की मजबूती तथा प्रशासन और व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
बनेंगे नगरीय विकास में सहभागी
बैठक में मार्केट एसोसिएशन के चेयरमैन बप्पन चौधरी, पार्षद संकल्प भंडारी, भाजपा नेता निशांत शर्मा शानू, एसोसिएशन के पदाधिकारी, बड़ी संख्या में व्यापारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने शहर के विकास में सहभागी बनकर स्वच्छ, सुव्यवस्थित और आधुनिक करनाल के निर्माण के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प दोहराया।