24/09/2026
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में बाबू अनंत राम जनता महाविद्यालय, कौल का डंका! एनएसएस में दोहरी उपलब्धि से बढ़ाया महाविद्यालय का गौरव
महाविद्यालय प्रबंधक समिति के अध्यक्ष चौ. तेजवीर सिंह की प्रेरणा एवं प्राचार्य डॉ. ऋषिपाल के कुशल मार्गदर्शन में बाबू अनंत राम जनता महाविद्यालय, कौल ने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) स्थापना दिवस समारोह में शानदार उपलब्धियां हासिल कर महाविद्यालय का गौरव बढ़ाया। समारोह में एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. नैन्सी गुलाटी को उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया, जबकि महाविद्यालय के स्वयंसेवक अंकित बागड़ी ने विश्वविद्यालय स्तरीय सर्वश्रेष्ठ एनएसएस स्वयंसेवक पुरस्कार प्राप्त कर महाविद्यालय की उपलब्धियों में एक और स्वर्णिम अध्याय जोड़ दिया। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय, कुरुक्षेत्र में आयोजित इस भव्य समारोह में एनएसएस समन्वयक डॉ. आनंद कुमार, विश्वविद्यालय के कुलसचिव, खेल विभाग के निदेशक डॉ. बरजिंदर पाल सिंह तथा चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय, जींद के पूर्व एनएसएस समन्वयक डॉ. जतिंदर सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। समारोह में विश्वविद्यालय से संबद्ध विभिन्न महाविद्यालयों के एनएसएस कार्यक्रम अधिकारियों एवं स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। चौ. तेजवीर सिंह की प्रेरणा एवं डॉ. ऋषिपाल के मार्गदर्शन में महाविद्यालय की एनएसएस इकाई ने कार्यक्रम अधिकारी डॉ. नैन्सी गुलाटी के नेतृत्व में समारोह में प्रभावशाली भागीदारी निभाई। स्वयंसेवक हिमांशी, याचिका एवं सिमरन ने महाविद्यालय का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी प्रतिभा एवं कार्यकुशलता का परिचय दिया। समारोह में हिमांशी, याचिका एवं सिमरन ने सत्र 2025-26 के दौरान महाविद्यालय में आयोजित एनएसएस गतिविधियों का प्रभावशाली प्रस्तुतीकरण किया। उन्होंने रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, नशा मुक्ति जागरूकता, मतदाता जागरूकता, सेवा संकल्प अभियान एवं विशेष शिविरों सहित विभिन्न सामाजिक एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। प्रस्तुतीकरण के माध्यम से छात्राओं ने महाविद्यालय की सामाजिक प्रतिबद्धता एवं सेवा भावना को प्रभावशाली ढंग से उजागर किया, जिसकी एनएसएस समन्वयक डॉ. आनंद कुमार एवं कुलसचिव ने सराहना की। सांस्कृतिक कार्यक्रम में स्वयंसेवक हिमांशी ने मनमोहक हरियाणवी नृत्य प्रस्तुत कर हरियाणवी लोक संस्कृति की अनुपम छटा बिखेरी। उनकी शानदार प्रस्तुति ने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया तथा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। समारोह में सत्र 2025-26 के दौरान उत्कृष्ट सेवाओं एवं समर्पित योगदान के लिए एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. नैन्सी गुलाटी को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं, स्वयंसेवक अंकित बागड़ी को विश्वविद्यालय स्तरीय सर्वश्रेष्ठ एनएसएस स्वयंसेवक पुरस्कार से नवाजा गया। यह उपलब्धि महाविद्यालय के लिए विशेष गौरव का विषय रही। इसके अतिरिक्त, एनएसएस गतिविधियों के प्रस्तुतीकरण में सहभागी छात्राओं हिमांशी, याचिका एवं सिमरन को भी प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर प्राचार्य डॉ. ऋषिपाल ने डॉ. नैन्सी गुलाटी, अंकित बागड़ी एवं प्रतिभागी छात्राओं को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय स्तर पर प्राप्त ये सम्मान महाविद्यालय की उत्कृष्ट कार्यसंस्कृति, एनएसएस इकाई के समर्पण एवं विद्यार्थियों की सामाजिक प्रतिबद्धता का प्रमाण हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना का मूल मंत्र “नॉट मी बट यू” विद्यार्थियों में निस्वार्थ सेवा, अनुशासन, सहयोग एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित कर उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करता है। महाविद्यालय प्रबंधक समिति के अध्यक्ष चौ. तेजवीर सिंह ने भी कार्यक्रम अधिकारी एवं सभी उपलब्धि हासिल करने वाले स्वयंसेवकों को बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थियों की ये उपलब्धियां महाविद्यालय के लिए गर्व एवं प्रेरणा का स्रोत हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए समाज सेवा एवं रचनात्मक गतिविधियों में निरंतर सक्रिय रहने का संदेश दिया।