26/04/2026
भारत मौसम विभाग ने अपनी ताजा रिपोर्ट में कहा, पश्चिमी हिमालय क्षेत्र, पूर्वी भारत से सटे पूर्वोत्तर भारत और पश्चिमी तट को छोड़कर देश के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान 40-45℃ के बीच रिकॉर्ड किया गया है.नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली समेत देश के बड़े हिस्से में तेज गर्मी का कहर बढ़ता जा रहा है. भारत मौसम विभाग ने शुक्रवार को कहा कि देश के 36 शहरों में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से अधिक रिकॉर्ड किया गया. वहीं गुरुवार को देश के 24 शहरों में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से अधिक रिकॉर्ड किया गया था. उत्तर प्रदेश का प्रयागराज शुक्रवार को सबसे गर्म शहर रहा, जहां पारा बढ़कर 45.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. विदर्भ में अकोला 45 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ दूसरा सबसे गर्म शहर रहा, जबकि 44.8 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ झारसुगुडा (ओडिशा) और अमरावती (महाराष्ट्र) तीसरे सबसे गर्म शहर रहे.भारत मौसम विभाग की ताज़ा रिपोर्ट के मुताबिक, शुक्रवार को 14 शहरों में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक पहुंच गया. शुक्रवार को हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में कुछ स्थानों पर और उत्तर प्रदेश और उत्तरी राजस्थान में अलग-अलग स्थानों पर लू की स्थिति बनी रही.