29/05/2026
समर्थन मूल्य पर खरीद शुरू कराने की मांग को लेकर किसानों का धरना, आश्वासन के बाद समाप्त
बानसूर। क्षेत्र के किसानों ने समर्थन मूल्य पर फसल खरीद शुरू नहीं होने से नाराज होकर सोमवार को कृषि उपज मंडी गेट पर धरना प्रदर्शन किया। किसान नेता राकेश दायमा के नेतृत्व में किसानों ने करीब तीन घंटे तक प्रदर्शन करते हुए सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की तथा जल्द खरीद प्रक्रिया शुरू कराने की मांग उठाई।
किसानों ने बताया कि उन्होंने मार्च और अप्रैल माह में ही समर्थन मूल्य पर फसल बेचने के लिए आवेदन कर दिया था, लेकिन मई और जून माह आने के बावजूद अब तक खरीद प्रक्रिया शुरू नहीं की गई। इससे किसानों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। किसानों का कहना था कि लंबे समय तक फसल खुले में पड़ी रहने से खराब होने की आशंका बढ़ रही है। तेज गर्मी और मौसम परिवर्तन के कारण अनाज की गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है, जिससे भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।
धरने के दौरान किसानों ने आरोप लगाया कि सरकारी खरीद शुरू नहीं होने के कारण उन्हें मजबूरी में अपनी उपज व्यापारियों को कम दामों में बेचनी पड़ रही है। समर्थन मूल्य से कम भाव मिलने से खेती में लगाया गया खर्च निकालना भी मुश्किल हो रहा है।
धरना प्रदर्शन की सूचना पर कृषि उपज मंडी सचिव संदीप कुमार मीणा एवं एफसीआई अधिकारी बादल खत्री मौके पर पहुंचे और किसानों से वार्ता की। अधिकारियों ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए तत्काल 5000 बारदानों की व्यवस्था करवाई तथा किसानों की मांगों को भारत सरकार तक पहुंचाने के लिए पत्र भेजने की बात कही। साथ ही जल्द समर्थन मूल्य पर खरीद प्रक्रिया शुरू कराने का आश्वासन दिया।
किसान नेता राकेश दायमा ने कहा कि किसानों की एकजुटता के कारण प्रशासन को उनकी मांगों पर सकारात्मक कदम उठाने पड़े। उन्होंने कहा कि किसानों के हितों के लिए आगे भी संघर्ष जारी रहेगा।
प्रशासन की ओर से आश्वासन मिलने के बाद किसानों ने धरना समाप्त कर दिया। इस दौरान सुघडा राम जाट, ख्याली राम पटेल, कैलाश चौधरी, संदीप पहलवान, दीपक बोहरा, राजेश रावत, सुरेश मीणा, जगदीश पटेल, मदन चौधरी, शंकर नागा, सरवन सौलंकी, दाया राम मोरुडिया, बंशी यादव, विजय जाट, गोविंद सैनी और विकास सैनी सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
゚