12/05/2026
मनाली में एक माह के ध्यान साधना शिविर का शुभारंभ, श्री सुधांशु जी महाराज बोले:- आपसे कीमती कुछ और नहीं।
साधना, स्वास्थ्य और आत्मिक जागरण का संदेश लेकर शुरू हुआ चन्द्रायण तप शिविर।
मनाली,
देवभूमि हिमाचल प्रदेश के मनाली स्थित साधना धाम में मंगलवार को एक माह तक चलने वाले भव्य ध्यान साधना शिविर का शुभारंभ हुआ। श्री सुधांशु जी महाराज ने दीप प्रज्वलित कर “मनाली चन्द्रायण तप साधना शिविर” का विधिवत आगाज किया। शिविर में देशभर से पहुंचे साधक 5 दिवसीय, 15 दिवसीय और एक मासीय साधना कार्यक्रमों में भाग ले रहे हैं।
शिविर के उद्घाटन अवसर पर हरियाणा के गुरुग्राम सहित विभिन्न राज्यों से आए श्रद्धालुओं और साधकों ने गुरुदेव का स्वागत एवं अभिनंदन किया। आध्यात्मिक वातावरण और हिमालय की वादियों के बीच आयोजित इस साधना शिविर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु आत्मिक शांति और स्वास्थ्य लाभ के उद्देश्य से पहुंचे हैं।
साधकों को संबोधित करते हुए श्री सुधांशु जी महाराज ने कहा कि जीवन में अक्सर व्यक्ति यह सोचता रहता है कि आने वाला समय सब ठीक कर देगा, लेकिन वास्तविक परिवर्तन तभी संभव है जब व्यक्ति वर्तमान से शुरुआत करे। उन्होंने कहा कि स्वयं को मूल्यवान बनाने के लिए निरंतर आत्मचिंतन और आत्मनिर्माण आवश्यक है।
उन्होंने कहा, “दुनिया में बहुत सी चीजें कीमती हैं, लेकिन आपसे ज्यादा कीमती कुछ भी नहीं।” उन्होंने लोगों से अपने समय, स्वास्थ्य और जीवन का सम्मान करने की अपील करते हुए कहा कि प्रतिदिन कम से कम एक घंटा अपने शरीर, मन और आत्मा के लिए अवश्य निकालना चाहिए। उन्होंने स्वस्थ, प्रसन्न और संतुलित जीवन को ही सच्ची सफलता का आधार बताया।
इस दौरान देवराज कटारिया ने बताया कि विश्व जागृति मिशन पिछले कई वर्षों से मनाली के साधना धाम में ध्यान साधना शिविर आयोजित करता आ रहा है, ताकि साधकों को मानसिक शांति, स्वास्थ्य और आध्यात्मिक ऊर्जा प्राप्त हो सके। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं के सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
हिमालय की शांत वादियों में शुरू हुआ यह साधना शिविर श्रद्धा, अनुशासन और आत्मिक ऊर्जा का अद्भुत संगम बन गया है, जहां साधक ध्यान, योग और आध्यात्मिक साधना के माध्यम से स्वयं को भीतर से मजबूत बनाने का प्रयास कर रहे हैं।