13/06/2026
स्पीति में वादों पर घिरी कांग्रेस सरकार, BJYM ने स्थानीय विधायक पर वादाखिलाफी का लगाया आरोप।
तेलिंग पीएचसी में फार्मासिस्ट और खर पशु औषधालय में रिक्त पदों को लेकर युवा मोर्चा का सरकार पर हमला, आंदोलन की चेतावनी।
काजा, 13 जून 2026
स्पीति में स्वास्थ्य और पशुपालन से जुड़ी मूलभूत सुविधाओं को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) स्पीति मंडल ने कांग्रेस सरकार और स्थानीय विधायक पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए तीखा हमला बोला है। संगठन ने कहा है कि जनजातीय और दुर्गम क्षेत्र होने के बावजूद स्पीति की आवश्यक समस्याओं की लगातार अनदेखी की जा रही है, जिससे आम लोगों और पशुपालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
BJYM स्पीति मंडल के अध्यक्ष दोरजे नमज्ञाल ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि स्थानीय विधायक के पिन वैली दौरे के दौरान युवा मोर्चा ने लोकतांत्रिक तरीके से क्षेत्र की समस्याओं को लेकर विरोध प्रदर्शन किया था। इससे करीब तीन माह पहले एडीएम काजा के माध्यम से विधायक को ज्ञापन सौंपकर तेलिंग प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में फार्मासिस्ट की नियुक्ति और खर स्थित पशुपालन विभाग के औषधालय में लंबे समय से रिक्त पड़े पदों को भरने की मांग की गई थी।
'एक महीने का आश्वासन, दो महीने बाद भी इंतजार'।
दोरजे नमज्ञाल ने आरोप लगाया कि विरोध प्रदर्शन के दौरान विधायक ने स्वयं एक महीने के भीतर तेलिंग पीएचसी में फार्मासिस्ट की नियुक्ति का भरोसा दिया था, लेकिन दो महीने से अधिक समय बीत जाने के बावजूद न तो फार्मासिस्ट की तैनाती हो पाई है और न ही खर पशु औषधालय में खाली पड़े पदों को भरने की दिशा में कोई ठोस कदम उठाया गया है।
उन्होंने कहा कि पंचायती राज चुनाव समाप्त हो चुके हैं, लेकिन जिन समस्याओं के समाधान का आश्वासन जनता को दिया गया था, वे आज भी जस की तस बनी हुई हैं। इससे लोगों में निराशा और असंतोष बढ़ रहा है।
स्वास्थ्य सेवाओं की कमी से ग्रामीण परेशान।
BJYM अध्यक्ष ने कहा कि तेलिंग पीएचसी में फार्मासिस्ट का पद रिक्त होने से लोगों को आवश्यक दवाइयों और प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं के लिए कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों वाले स्पीति जैसे क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाएं पहले से ही सीमित हैं, ऐसे में महत्वपूर्ण पदों का लंबे समय तक खाली रहना गंभीर चिंता का विषय है।
पशुपालकों की भी बढ़ी मुश्किलें।
युवा मोर्चा ने कहा कि खर स्थित पशुपालन विभाग के औषधालय में कर्मचारियों की कमी के कारण पशुपालकों को समय पर सेवाएं नहीं मिल पा रही हैं। स्पीति की बड़ी आबादी आजीविका के लिए पशुपालन पर निर्भर है, लेकिन पर्याप्त स्टाफ न होने से पशुधन से जुड़े कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
दोरजे नमज्ञाल ने कहा कि यदि सरकार ने शीघ्र प्रभाव से तेलिंग पीएचसी में फार्मासिस्ट की नियुक्ति और खर पशु औषधालय के रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू नहीं की, तो भारतीय जनता युवा मोर्चा स्पीति जनता के सहयोग से चरणबद्ध आंदोलन शुरू करने को मजबूर होगा। उन्होंने कहा कि संगठन जनहित के मुद्दों पर लगातार आवाज उठाता रहेगा और स्पीति के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।