24/04/2026
लखीसराय में दिनदहाड़े फायरिंग,
बड़हिया थाना क्षेत्र में शुक्रवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब पहाड़पुर के पास एनएच-80 किनारे स्थित बजरंग बली मंदिर के समीप अपराधियों ने दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल कायम हो गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना के पीछे रंगदारी का मामला बताया जा रहा है। पहाड़पुर निवासी गोलू कुमार से कथित तौर पर करीब पांच लाख रुपये की मांग की गई थी, रकम नहीं देने पर विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते मामला हिंसक रूप ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपियों ने पहले मारपीट की और फिर करीब आधा दर्जन से अधिक राउंड फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी। बताया जा रहा है कि इस वारदात में कुख्यात टीटू उर्फ धमाका गिरोह के सदस्य शामिल थे। घटना की सूचना मिलते ही बड़हिया थाना अध्यक्ष बृजभूषण सिंह मौके पर पहुंचे, लेकिन अपराधियों ने उनके सामने भी हथियार लहराते हुए दुस्साहस का परिचय दिया और मौके से स्कॉर्पियो वाहन पर सवार होकर खुटहा दियारा की ओर फरार हो गए।
पुलिस ने घटनास्थल से कई खोखे बरामद किए हैं, जिससे फायरिंग की तीव्रता का अंदाजा लगाया जा रहा है। स्थानीय सूत्रों का कहना है कि मंदिर के पास स्थित एक गुमटी में संदिग्ध गतिविधियां चलती थीं, जहां से इस पूरे विवाद की शुरुआत हुई।
एसडीपीओ शिवम कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
दिनदहाड़े हुई इस घटना ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से जांच में जुटी है और क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान जारी है।