23/08/2026
लालगंज में निकलेगी भव्य कृष्ण शोभा यात्रा, मटका फोड़ कार्यक्रम का भी होगा आयोजन
लालगंज (वैशाली)। श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव को भव्य एवं ऐतिहासिक बनाने को लेकर रविवार को लालगंज निबंधन कार्यालय परिसर में श्री कृष्ण वीर सेना की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जन्माष्टमी के अवसर पर लालगंज में भव्य कृष्ण शोभा यात्रा निकाली जाएगी। शोभा यात्रा निबंधन कार्यालय परिसर से प्रारंभ होकर शहर के मुख्य मार्गों से गुजरते हुए महाराणा प्रताप चौक के रास्ते तिनपुलवा चौक पहुंचेगी तथा इसके बाद गांधी चौक होते हुए पुनः निबंधन कार्यालय परिसर में इसका समापन होगा।
शोभा यात्रा के समापन के बाद निबंधन कार्यालय परिसर में पारंपरिक मटका फोड़ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें स्थानीय युवाओं के उत्साहपूर्वक भाग लेने की उम्मीद है। संगठन की ओर से आयोजन को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
श्री कृष्ण वीर सेना के अध्यक्ष कुंदन यादव और सचिव चंदन यादव ने बताया कि जन्माष्टमी महोत्सव को यादगार बनाने के लिए संगठन की ओर से व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने स्थानीय लोगों से शोभा यात्रा और मटका फोड़ कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की।
बैठक में पवनदेव यादव , जितेंद्र राय , सुजीत राय , पल्लू राय, मिथिलेश राय, प्रेम यादव, मनीष यादव, विवेक यादव, रोहित यादव, सुजीत यादव, श्लोक यादव, बिपिन यादव, विरु यादव, मनोज राय, गणेश राय, विशाल यादव, पंकज यादव,अमृतजय राय, बबलू अहीर, साहिल यादव, निखिल यादव सहित संगठन के कई सदस्य मौजूद रहे।