21/01/2026
*गला रेतकर हत्या से दहला फतेहपुर, बाग में मिला शव*
*एक सप्ताह में पांचवी हत्याकांड,*
*कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल*
फतेहपुर (उत्तर प्रदेश)
न्यूज़ वाणी
सदर कोतवाली क्षेत्र में 68 वर्षीय बुज़ुर्ग अधिवक्ता जयराम मानसिंह की गला रेतकर हत्या कर दी गई। उनका शव एक बाग में मिलने से इलाके में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
बताया गया कि बुधवार शाम करीब 4:30 बजे एक युवक जयराम मानसिंह को महर्षि विद्या मंदिर के पास उनका बैग लेकर साथ ले गया था। करीब एक घंटे बाद जब वह घर नहीं लौटे तो परिजनों ने तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान उनका शव बाग में पड़ा मिला। प्रारंभिक जांच में गले पर धारदार हथियार से वार के निशान पाए गए हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही CO सिटी समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच हर पहलू से की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि फतेहपुर जिले में बीते एक सप्ताह के भीतर यह पांचवां हत्याकांड है। इससे पहले असोथर थाना क्षेत्र में किसान की गला रेतकर हत्या, हसवा कस्बे में दोहरा हत्याकांड और मालवा थाना क्षेत्र में धारदार हथियार से हमला हो चुका है।
लगातार हो रही इन घटनाओं से जिले की कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों में भय का माहौल है और पुलिस से प्रभावी कार्रवाई की मांग की जा रही है।