30/08/2026
भारत-नेपाल सीमा पर SSB की कार्रवाई, 15.15 लीटर नेपाली शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार
जयनगर, 30 अगस्त। भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर अवैध शराब की तस्करी के विरुद्ध सशस्त्र सीमा बल (SSB) ने कार्रवाई करते हुए 15.15 लीटर नेपाली अंग्रेजी शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। इस दौरान एक मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन एवं नकद राशि भी बरामद की गई।
48वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल, जयनगर के एफ समवाय अंतर्गत सीमा चौकी बेतौन्हा की विशेष गश्ती टीम ने शनिवार को यह कार्रवाई की। SSB के अनुसार, 30 अगस्त को सुबह करीब 9:55 बजे प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर विशेष गश्ती दल अंतरराष्ट्रीय सीमा स्तंभ संख्या 269/6 से लगभग 100 मीटर भारतीय क्षेत्र में कान्हा बाबा मंदिर, बेतौन्हा के समीप निगरानी एवं गश्त कर रहा था।
इसी दौरान नेपाल की ओर से भारत आ रहे एक मोटरसाइकिल सवार को संदिग्ध अवस्था में रोककर पूछताछ की गई। इसके बाद मोटरसाइकिल की तलाशी लेने पर सीट, टंकी के नीचे एवं डिक्की में छिपाकर रखी नेपाली अंग्रेजी शराब बरामद की गई।
बरामद शराब में MC Dowells No. 1 की 375 एमएल की 21 बोतलें और 180 एमएल की 28 बोतलें, जबकि AC Black की 375 एमएल की पांच तथा 180 एमएल की दो बोतलें शामिल हैं। बरामद शराब की कुल मात्रा 15.15 लीटर बताई गई है। इसके अलावा एक होंडा एसपी शाइन मोटरसाइकिल, एक रियलमी मोबाइल फोन एवं 160 रुपये नकद भी जब्त किया गया।
गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान बृजभूषण यादव (28 वर्ष), पिता राम नरेश यादव, निवासी महुआ एकदारा, थाना खजौली, जिला मधुबनी के रूप में हुई है।
प्रारंभिक पूछताछ में गिरफ्तार व्यक्ति ने SSB को बताया कि उसने शराब नेपाल के बेधौर स्थित एक शराब दुकान से खरीदी थी और उसे भारत के लक्ष्मीपुर गांव पहुंचाने जा रहा था।
SSB ने बरामद शराब, मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन एवं अन्य सामान की विधिवत जब्ती की कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार व्यक्ति को अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए जयनगर थाना को सुपुर्द करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
48वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल, जयनगर के कमांडेंट राजेंद्र कुमार ने कहा कि भारत-नेपाल सीमा पर अवैध शराब एवं अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं की तस्करी रोकने के लिए SSB लगातार सतर्कता बरत रही है। उन्होंने बताया कि आसूचना तंत्र, नियमित गश्त एवं चेकिंग को और अधिक सुदृढ़ किया गया है।
उन्होंने कहा कि तस्करी के विरुद्ध SSB की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी तथा सीमा क्षेत्र में सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में स्थानीय नागरिकों का सहयोग भी महत्वपूर्ण है। कमांडेंट ने आमजन से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल SSB अथवा संबंधित प्रशासन को देने की अपील की है।