28/07/2026
वन्दे भारत न्यूज़ " देश कि आवाज़ "
मऊ नाथ भंजन
संवाददाता. शुभम पाण्डेय
इनर व्हील क्लब मऊ ने चलाया स्वास्थ्य जागरूकता अभियान, हेपेटाइटिस एवं ORS के प्रति किया जागरूक
इनर व्हील क्लब मऊ के तत्वावधान में जनस्वास्थ्य को समर्पित एक विशेष जागरूकता अभियान का आयोजन श्री अलगू राय जी बस अड्डा, मऊ के प्रांगण में किया गया। इस अभियान का उद्देश्य आमजन को हेपेटाइटिस जैसी गंभीर बीमारी तथा ORS के महत्व के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम के दौरान बस अड्डे पर उपस्थित यात्रियों, बस कर्मचारियों एवं अन्य स्टाफ को हेपेटाइटिस के कारण, इसके प्रमुख लक्षण, संक्रमण के फैलने के तरीके तथा इससे बचाव के प्रभावी उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। लोगों को स्वच्छता अपनाने, सुरक्षित खान-पान, संक्रमित सुई एवं रक्त के प्रयोग से बचने तथा समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने के लिए प्रेरित किया गया।
साथ ही ORS सप्ताह के अवसर पर ORS के महत्व, उसके सही उपयोग एवं शरीर में पानी और आवश्यक लवणों की कमी को पूरा करने में उसकी उपयोगिता के बारे में विस्तार से बताया गया। उपस्थित लोगों को सलाह दी गई कि वे केवल विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) द्वारा सत्यापित मानकों के अनुरूप ORS का ही उपयोग करें, ताकि आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षित एवं प्रभावी उपचार मिल सके।
अभियान के अंत में यात्रियों एवं बस अड्डे के कर्मचारियों के बीच निःशुल्क ORS के पैकेट एवं पानी की बोतलों का वितरण किया गया। लोगों ने इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम समाज में स्वास्थ्य संबंधी सही जानकारी पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इनर व्हील क्लब मऊ ने भविष्य में भी स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं जनकल्याण से जुड़े ऐसे जागरूकता अभियानों को निरंतर आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया। इसमें अध्यक्ष श्रीमती ज्योति सिंह, सचिव श्रीमती विनीता पाण्डेय, एवं रोडवेज मऊ के DRM सर तथा अन्य इनर व्हील मऊ के पदाधिकारियों नें सहयोग प्रदान किया।