04/09/2026
*एएनएम कर्मियों को महिला एवं बालिका कल्याणकारी योजनाओं के प्रति किया गया जागरूक*
जिलाधिकारी के आदेश तथा मुख्य विकास अधिकारी एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी के निर्देशानुसार बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत महिला कल्याण विभाग की हब फॉर इंपॉवरमेंट ऑफ वूमेन टीम द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, परदहा में एएनएम कर्मियों के साथ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं से संबंधित कल्याणकारी योजनाओं, उनके अधिकारों तथा उपलब्ध सेवाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। इस दौरान महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित निराश्रित महिला पेंशन योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना सहित चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 तथा महिला हेल्पलाइन 181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, महिला पावर लाइन 1090 एवं आपातकालीन सेवा 112 की जानकारी एएनएम कर्मियों को दी गई।
एएनएम कर्मियों से अपील की गई कि वे अपने कार्यक्षेत्र में महिलाओं एवं बालिकाओं तक इन योजनाओं एवं हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी पहुंचाएं तथा पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग करें। साथ ही महिलाओं एवं बालिकाओं के स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं अधिकारों से जुड़े विषयों पर जागरूकता बढ़ाने तथा जरूरतमंद महिलाओं को संबंधित विभागीय सेवाओं से जोड़ने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम में महिला कल्याण विभाग की हब फॉर इंपॉवरमेंट ऑफ वूमेन टीम से जिला मिशन समन्वयक श्रीमती अर्चना राय, जेंडर स्पेशलिस्ट श्रीमती राखी राय एवं जेंडर स्पेशलिस्ट श्रीमती तृप्ति राय सहित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परदहा के कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उपस्थित कर्मचारियों ने महिला एवं बाल कल्याण से जुड़े विषयों पर सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।