18/06/2026
कौन हैं झुंझुनू की ‘टीचर दीदी’? खानाबदोश बच्चों को मुफ्त शिक्षा देने वाली अनीता पूनिया जयपुर में होंगी सम्मानित
झुंझुनूं जिले के चिड़ावा की ‘टीचर दीदी’ अनीता पूनिया को 18 जून को जयपुर में आयोजित अखिल भारतीय संस्कृत विद्वत सम्मान समारोह में ‘शिक्षा सेवा प्रवण पुरस्कार’ से सम्मानित किया जाएगा। अनीता कई साल से जरूरतमंद और खानाबदोश परिवारों के बच्चों को निःशुल्क शिक्षा देकर उन्हें मुख्यधारा से जोड़ रही हैं।
चिड़ावा (झुंझुनूं): झुंझुनू के चिड़ावा की रहने वाली अनीता पूनिया कुछ साल पहले तक शानदार जिंदगी जी रही थीं। सब कुछ बेहतरीन था, लेकिन दिल में हमेशा अपने देश और समाज के लिए कुछ कर गुजरने की कसक थी। जब वह दुबई से भारत लौटीं तो चिड़ावा की सड़कों पर कचरा बीनते और भीख मांगते मासूमों को देखकर उनका दिल रो पड़ा। बस, इसी एक पल ने उनकी जिंदगी का रुख हमेशा के लिए बदल दिया।
बता दें कि दुबई के ऐशो-आराम को पीछे छोड़ अनीता ने चिड़ावा के बाई रोड क्षेत्र में 'सरला पाठशाला' की शुरुआत की। उनका मकसद साफ था, जिन हाथों में मजबूरी का सितम है, वहां कलम और किताबें थमाना। आज उनके इसी निस्वार्थ समर्पण और दृढ़ संकल्प के लिए उन्हें जयपुर में 'शिक्षा सेवा प्रवण पुरस्कार' से सम्मानित किया जा रहा है।
18 जून को जयपुर में होगा सम्मान
अनीता पूनिया को यह प्रतिष्ठित सम्मान 18 जून को राजस्थान विश्वविद्यालय, जयपुर में आयोजित होने वाले 'अखिल भारतीय संस्कृत विद्वत सम्मान व विशिष्ट व्याख्यान समारोह' (वार्षिकोत्सव) में दिया जाएगा। यह भव्य कार्यक्रम संस्कृत के प्रकांड विद्वान और राष्ट्रपति सम्मानित स्वर्गीय आचार्य पंडित बद्री प्रसाद शास्त्री की पुण्य स्मृति में आयोजित हो रहा है।